अमेठी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अमेठी परिसर में साइकिल चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। गुरुवार को एक युवक साइकिल चोरी करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया।
जानकारी के अनुसार अस्पताल में मरीजों को दिखाने के लिए आने वाले तीमारदार अपनी साइकिल और वाहन परिसर में खड़े कर देते हैं। इसी दौरान कुछ अराजक तत्व मौके की तलाश में रहते हैं और मौका मिलते ही साइकिल या वाहन लेकर फरार होने की कोशिश करते हैं।
गुरुवार को भी एक तीमारदार अपनी साइकिल खड़ी कर मरीज को डॉक्टर को दिखाने चला गया। उसी दौरान पास में खड़ा एक युवक साइकिल लेकर भागने की कोशिश करने लगा। अस्पताल परिसर में तैनात गार्ड की नजर उस पर पड़ गई। गार्ड ने तत्परता दिखाते हुए युवक को मौके पर ही पकड़ लिया।
इसके बाद अस्पताल में मौजूद लोगों ने भी युवक को पकड़कर बैठा लिया और इसकी सूचना अमेठी कोतवाली पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस युवक को अपने साथ कोतवाली ले गई।
बताया जा रहा है कि पकड़ने के दौरान मौजूद लोगों ने युवक की पिटाई भी कर दी, जिसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
