रुद्रपुर। नजूल भूमि पर रहने वाले गरीब परिवारों को बड़ी राहत दिलाने के लिए विधायक शिव अरोरा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र सौंपकर नजूल भूमि के मालिकाना हक की रजिस्ट्री पर स्टांप ड्यूटी निशुल्क करने का प्रस्ताव रखा है।
विधायक ने बताया कि मलिन बस्तियों में नजूल भूमि पर निवास करने वाले हजारों अति निर्धन परिवारों को सरकार द्वारा मालिकाना हक दिया जा चुका है। अब इन परिवारों को रजिस्ट्री कराने में आर्थिक बोझ न उठाना पड़े, इसके लिए स्टांप ड्यूटी को निशुल्क किए जाने का प्रस्ताव मुख्यमंत्री के समक्ष रखा गया है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत सचिव आवास और सचिव वित्त को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि सरकार ने नजूल भूमि पर रहने वाले लोगों को मालिकाना हक देकर अपना संकल्प पूरा किया है और अब प्रयास है कि इन परिवारों को रजिस्ट्री भी निशुल्क कराई जाए, ताकि गरीब परिवारों को पूरी तरह राहत मिल सके।।
