लाल किला ब्लास्ट केस: कश्मीर में एनआईए की ताबड़तोड़ छापेमारी
March 23, 2026
आतंकी गतिविधियों की रोकथाम को लेकर राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने सोमवार (23 मार्च) को कश्मीर में करीब एक दर्जन स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया. NIA ने इस दौरान उत्तरी कश्मीर के हंदवारा स्थित एक व्यवसायी के आवास पर भी छापेमारी की. यह तलाशी लाल किला विस्फोट मामले की चल रही जांच के अंतर्गत की गई है.
एनआईए की टीमों ने हंदवारा स्थित व्यवसायी के आवास में छापेमारी कर दस्तावेजों की जांच की और कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए गए हैं. इसके अलावा NIA ने दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में भी इसी तरह की छापेमारी की, जिसके बारे में अभी और जानकारी आने का इंतजार है.
नई दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले के पास 10 नवंबर, 2025 को एक भीड़भाड़ वाली सड़क पर विस्फोट हुआ था. इसी मामले को लेकर एनआईए ने जम्मू कश्मीर, उत्तर प्रदेश और हरियाणा में लगभग 2 दर्जन जगहों पर छापेमारी की है.
NIA की टीम ने 1-2 दिसंबर 2025 को कश्मीर में लगभग 10 स्थानों और उत्तर प्रदेश के लखनऊ में एक स्थान पर छापेमारी अभियान चलाया, जिसमें मुफ्ती इरफान अहमद वागे और डॉ. मुजम्मिल शकील जैसे आरोपियों के आवासों पर तफ्तीश की गई.
इसके बाद जनवरी, फरवरी और अब मार्च 2026 में कश्मीर और हरियाणा में लगातार तलाशी अभियान जारी है ताकि अधिकारियों द्वारा सफेदपोश आतंकी मॉड्यूल के रूप में सामने आए इस गैंग की बाकी बची हुई कड़ियों का भी पता लगाया जा सके.
जांच की शुरुआत 9-10 नवंबर 2025 को हरियाणा के फरीदाबाद में स्थानीय पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक छापेमारी से हुई, जिसके बाद लगभग 2,900 किलोग्राम विस्फोटक जब्त किए गए. इस मामले में अब तक 11 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है और एनआईए द्वारा जांच अभियान का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है.
