ई-रिक्शा चलाते हुए ही युवक को आ गया हार्ट अटैक, मौके पर हुई मौत
March 12, 2026
कहा जाता है कि मौत कभी भी किसी निश्चित समय या माकूल जगह का इंतजार नहीं करती। ये किसी को कहीं भी अपनी चपेट में ले लेती है और संभलने का मौका भी नहीं देती। मध्य प्रदेश के उमरिया जिले से भी एक बड़ा ही हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जिले में एक युवक की ई-रिक्शा चलाते समय ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के परिजन इस घटना के कारण सदमे में हैं।
दरअसल, ये दुखद घटना उमरिया जिले के पाली के बाजार क्षेत्र से सामने आई है। ई-रिक्शा चला रहे एक युवक की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के मुताबिक, पाली निवासी रवि विश्वकर्मा (उम्र 35 वर्ष) बुधवार को अपने ई-रिक्शा से बाजार क्षेत्र पहुंचे थे। इसी दौरान जब वे पाली के प्रकाश चौराहे के पास पहुंचे, तभी अचानक उन्हें हार्ट अटैक आ गया और वे अपने ई-रिक्शा में ही बेहोश होकर गिर पड़े।
घटना देखकर आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें पाली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक तौर पर उनकी मौत हार्ट अटैक से होने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलने के बाद पाली पुलिस ने मामले की जानकारी लेकर मर्ग कायम कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है।
वहीं, इस संबंध में पाली थाना प्रभारी राजेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि युवक ई-रिक्शा चला रहा था। प्रकाश चौराहे के पास अचानक उसे अटैक आया, जिससे उसकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों द्वारा उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। फिलहाल मामले की विवेचना की जा रही है।
