Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

प्रतापगढः प्रभारी मंत्री दयाशंकर सिंह की अध्यक्षता में कोर कमेटी की अहम बैठक सम्पन्न! विकास कार्यों की समीक्षा, गर्मी से पहले बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश


प्रतापगढ़। जिले के प्रभारी मंत्री व परिवहन राज्य मंत्री दयाशंकर सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को विकास भवन स्थित सीडीओ कार्यालय कक्ष में कोर कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सदर विधायक राजेन्द्र कुमार मौर्य, विश्वनाथगंज विधायक जीत लाल पटेल, जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी, पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दिव्या मिश्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में जिलाधिकारी ने विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) के अंतर्गत मतदाता सूची के अद्यतन कार्य तथा फार्म-6 के माध्यम से नए मतदाताओं के पंजीकरण की प्रगति की जानकारी दी। इसके बाद प्रभारी मंत्री ने जिले में संचालित विकास योजनाओं और निर्माणाधीन परियोजनाओं की विस्तार से समीक्षा की।

विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र में बिजली आपूर्ति से जुड़ी विभिन्न समस्याओं की जानकारी दी और कहा कि विभागीय अधिकारियों द्वारा शिकायतों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जा रही है। इस पर जिलाधिकारी ने अधीक्षण अभियंता विद्युत को कड़ी फटकार लगाते हुए कार्यप्रणाली में सुधार करने के निर्देश दिए। प्रभारी मंत्री ने आगामी गर्मी को ध्यान में रखते हुए अग्रिम कार्ययोजना बनाने और जहां-जहां बिजली की समस्या है वहां ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही यह भी कहा गया कि विद्युत विभाग द्वारा कराए जाने वाले कार्यों की जानकारी जनप्रतिनिधियों को पहले से दी जाए और समस्याओं के समाधान के लिए विभागीय अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों की संयुक्त बैठक आयोजित की जाए।

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान जनप्रतिनिधियों ने मेडिकल कॉलेज के सुचारु संचालन के लिए योग्य प्रधानाचार्य की नियुक्ति की मांग उठाई, ताकि स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर ढंग से संचालित हो सकें और आमजन को लाभ मिल सके। जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिया कि जहां आशा कार्यकर्ताओं के पद रिक्त हैं वहां जनप्रतिनिधियों को जानकारी देकर शीघ्र नियुक्तियां कराई जाएं। लोक निर्माण विभाग की समीक्षा में जनप्रतिनिधियों ने कई सड़कों की खराब स्थिति और कुछ स्थानों पर डिवाइडर बनाए जाने की आवश्यकता बताई। इस पर प्रभारी मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनप्रतिनिधियों की शिकायतों और सुझावों को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने प्रभारी मंत्री से अनुरोध किया कि जनपद के विकास से जुड़े कुछ प्रस्ताव शासन स्तर पर लंबित हैं, यदि उन पर शीघ्र निर्णय हो जाए तो जिले में विकास कार्यों को और गति मिल सकेगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |