होली के दिन खूब खाया तला-भुना, अब हो रही है गैस-एसिडिटी, तो अपनाएं जबरदस्त घरेलू उपाय
March 05, 2026
होली के त्यौहार पर लोग एक दूसरे के घर जाते हैं, एक दूसरे को रंग लगाते हैं और अलग-अलग तरह के पकवान का लुत्फ उठाते हैं। लेकिन एक ही दिन में इतना तला और भुना खाने की वजह से पेट की सेहत बुरी तरह से प्रभावित हो सकती है। होली वाले दिन की शाम से ही पेट में गैस और एसिडिटी बनने लगती है। अगली सुबह तक पेट की हालत और ज्यादा खराब हो जाती है। आज हम आपको दादी-नानी के कुछ ऐसे घरेलू नुस्खों के बारे में बताएंगे, जो गैस-एसिडिटी की समस्या को दूर करने में कारगर साबित हो सकते हैं।
पिएं ठंडा दूध या सौंफ का पानी- गैस या फिर एसिडिटी होने पर एक गिलास ठंडा दूध पी लीजिए। ठंडा दूध पेट के एसिड को न्यूट्रल करने में मददगार साबित हो सकता है। अगर आप दूध नहीं पीना चाहते तो सौंफ के पानी का सेवन कर सकते हैं। सौंफ के पानी में मौजूद तत्व पेट की जलन को शांत करने में असरदार साबित हो सकते हैं। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि सौंफ का पानी पीने की जगह सौंफ को चबाया भी जा सकता है।
फायदेमंद साबित होगी छाछ- छाछ को गट हेल्थ के लिए काफी ज्यादा फायदेमंद माना जाता है। आइए इसका सेवन करने के सही तरीके के बारे में जानते हैं। छाछ में सबसे पहले थोड़ा सा भुना हुआ जीरा मिक्स कर लीजिए। इसके बाद आप इसमें पुदीने की कुछ पत्तियों को भी मिला लीजिए। इस तरह से छाछ का सेवन कीजिए और देखिए कैसे थोड़ी ही देर में आपको खुद-ब-खुद पॉजिटिव असर महसूस होता है।
करें अजवाइन-काले नमक का सेवन- आपको हाफ स्पून अजवाइन में चुटकी भर काला नमक मिलाना है। अजवाइन और काले नमक के मिक्सचर को गर्म पानी के साथ लेने से गैस और अपच में काफी जल्दी आराम मिलता है। इसके अलावा गैस और एसिडिटी से जल्दी राहत पाने के लिए नारियल का पानी भी पिया जा सकता है। एसिडिटी और सीने की जलन से छुटकारा पाने के लिए पोषक तत्वों से भरपूर नारियल पानी को काफी ज्यादा फायदेमंद माना जाता है।
