प्रतापगढ़/बाबागंज। शारदा सहायक नहर में शरीर पर लगे रंग को छुड़ाने गई डूबी तीन बालिकाओं का दूसरे दिन भी पता नही चला जबकि एनडीआरएफ के साथ स्थानीय पुलिस की टीम लगातार सर्च अभियान जारी किए हुए है।
बालिकाओं की तलाश करते हुए एसडीएम कुंडा वाचस्पति सिंह, एसओ मनोज सिंह तोमर और एनडीआरएफ की टीम नहर में कई किमी की दूरी तक बालिकाओं की खोजबीन जारी किए हुए है। टीम उन सभी संदिग्ध स्थानों को देख रही है, जहां उसको सम्भावना है कि शायद डूबी हुई बालिकाओं का कोई सुराग मिल जाय लेकिन टीम को खबर लिखे जाने तक कोई सफलता नही मिली है। टीम करीब 30 किमी दूरी तय कर चुकी है लेकिन अभी तक उसको कोई सुराग नही मिला है। डूबी हुई बालिकाओं के परिजनों का रो रोकर बुराहाल हुआ है। आस-पास के गांव वाले भी खोजबीन में मदद कर रहें हैं। गौरतलब है कि डंडिया गांव के रहने वाले राम नरेश पटेल की पुत्रियां आंचल और रिया तथा अनिल पटेल की पुत्री रोशनी गुरुवार को दोपहर में अपने शरीर का रंग छुड़ाने शारदा सहायक नहर में गई थी, जहां वे पैर फिसलने से नहर में समा गई। एसओ संग्रामगढ़ मनोज सिंह तोमर ने बताया कि डूबी हुई बालिकाओं की तलाश की जा रही है लेकिन अभी तक उनका कोई सुराग नही मिला है।
