होली से पहले युवक ने माता-पिता, बहन और दादी को कुल्हाड़ी से काट डाला, दी खौफनाक मौत
March 02, 2026
यूपी के बहराइच से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने होली के त्यौहार के मौके पर खूनी तांडव किया है। युवक ने माता-पिता, बहन और दादी को कुल्हाड़ी से काट डाला है, जिसमें चारों की मौत हो गई है। इस घटना से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।
बहराइच जिले के रुपईडीहा थाना क्षेत्र अंतर्गत बसंतपुर उदल ग्राम पंचायत के मजरे रामनगर में एक सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। जमीन बिक्री की रकम न मिलने के विवाद में एक युवक ने अपने ही माता-पिता, दादी और बहन पर कुल्हाड़ी से हमला कर उनकी हत्या कर दी।
वारदात के दौरान बीच-बचाव करने आए बड़े भाई पर भी जानलेवा हमला किया गया। घटना के बाद गांव में दहशत और शोक का माहौल है।
प्रभारी निरीक्षक रूपईडीहा को दी गई तहरीर के अनुसार, वादी गुरूदेव पुत्र बदलूराम वर्मा ने बताया कि रात करीब 12 बजे उन्हें घर के भीतर से शोर-शराबे और चीखने की आवाज सुनाई दी। जब वह अपने कमरे से बाहर निकले तो देखा कि उनका छोटा भाई निरंकार, पिता द्वारा बेची गई जमीन और गहनों की रकम न दिए जाने को लेकर विवाद कर रहा था।
विवाद अचानक इतना बढ़ गया कि निरंकार ने आवेश में आकर घर में रखी कुल्हाड़ी उठा ली और माता-पिता, दादी तथा बहन पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। हमले में चारों गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। गुरूदेव ने जब बीच-बचाव की कोशिश की तो निरंकार ने उनके सिर पर भी कुल्हाड़ी से वार कर दिया।
मौके पर वादी का पुत्र आजाद भी मौजूद था, जिसने पूरी घटना देखी। गुरूदेव के अनुसार, जब उन्होंने शोर मचाया तो आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचने लगे। इस बीच निरंकार ने खुद के सिर पर ईंट से कई बार प्रहार कर खुद को भी घायल कर लिया। ग्रामीणों की सूचना पर रूपईडीहा पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
गंभीर रूप से घायल सभी को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई, लेकिन चिकित्सकों ने बदलू राम पुत्र राम फेरन संजू देवी पत्नी बदलू राम, पार्वती पुत्री पतलू राम और सिताला पत्नी राम फेरन को मृत घोषित कर दिया। इस घटना से पूरे परिवार का चिराग बुझ गया और गांव में मातम छा गया।
पुलिस ने चारों शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय, बहराइच भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि होगी। वादी गुरूदेव पुत्र बदलू वर्मा की लिखित सूचना पर थाना रूपईडीहा में मु0अ0सं0-41/2026, धारा 103(1)/109(1) बीएनएस के तहत निरंकार पुत्र बदलू राम के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मौके से ही आरोपी निरंकार को हिरासत में लेकर जिला अस्पताल,बहराइच में भर्ती कराया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया।
