विशाखापत्तनम में श्रद्धा जैसा हत्याकांड! फ्रिज में रखे प्रेमिका के अंग, सिर काटकर शहर के बाहर जलाया
March 30, 2026
आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम शहर के एल.वी. नगर इलाके से एक बेहद ही चौंकाने वाली और दिल दहला देने वाली घटना की खबर सामने आई है, यहां एक नेवी कर्मचारी ने अपनी गर्लफ्रेंड का कत्ल करके उसकी लाश के टुकड़े-टुकड़े कर दिए. दोषी ने लाश के कुछ हिस्से अपने फ्लैट के फ्रिज में रखे और सिर को शहर के बाहरी इलाके में ले जाकर जला दिया.
पुलिस के मुताबिक, 35 साल के चिंतड़ा रविंद्र, जो कि भारतीय जल सेना (Navy) में एक तकनीशियन के रूप में काम करता है. उसने अपनी 29 साल की गर्लफ्रेंड मोनिका को रविवार को अपने फ्लैट पर बुलाया था. उस समय रविंद्र की पत्नी अपने पीहर गई हुई थी. बताया जा रहा है कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हुई, जिसके दौरान रविंद्र ने मोनिका पर चाकू से हमला करके उसका कत्ल कर दिया.
बता दें कि कत्ल करने के बाद दोषी ने बेरहमी की सारी हदें पार कर दीं और लाश को टुकड़ों में काट दिया. उसने धड़ के हिस्से को फ्रिज में रखा, जबकि मोनिका का सिर और उसका फोन शहर के बाहर धारापालेम में एक सुनसान जगह पर जला दिया. खून के निशान मिटाने के लिए उसने पूरे फ्लैट की सफाई की और बदबू फैलने से रोकने के लिए रूम फ्रेशनर का उपयोग भी किया.
पुलिस पूछताछ के दौरान रविंद्र ने खुलासा किया कि उसकी मुलाकात मोनिका से लॉकडाउन के दौरान एक डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी. उसने आरोप लगाया कि मोनिका उसे पैसों के लिए ब्लैकमेल कर रही थी और अब तक वह उसे 3.50 लाख रुपये दे चुका था. रविंद्र के अनुसार, उसने उसका नेवी आईडी कार्ड भी छीन लिया था, जिसके कारण वह लगातार मानसिक परेशानी में था.
वारदात को अंजाम देने के बाद रविंद्र ने अपने एक दोस्त को फोन करके अपने गुनाह के बारे में बताया. दोस्त के दी गई सलाह और चेतावनी के बाद वह गाजुवाका पुलिस स्टेशन पहुंचा और आत्म-समर्पण कर दिया. पुलिस ने दोषी के फ्लैट से लाश के अंग बरामद कर लिए हैं और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है.
