प्रतापगढ। प्रतापगढ़ जिले के अंतू थाना क्षेत्र में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई जब एक घर के अंदर मां और बेटे के रक्तरंजित शव मिले। दोनों की धारदार हथियार से हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस और उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। घटना को लेकर पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
अंतू थाना क्षेत्र के पारामहमीदपुर गांव निवासी दिनेश मौर्य रोजी-रोटी के सिलसिले में परदेस में रहते हैं, जबकि घर पर उनकी पत्नी शिवपति मौर्य (40) और बेटा अयान (12) रहते थे। बताया जाता है कि रविवार की रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने घर में घुसकर मां और बेटे की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी।
सोमवार सुबह जब घर की सटरिंग करने वाला मिस्त्री वहां पहुंचा और आवाज लगाने के बावजूद घर से कोई बाहर नहीं निकला तो उसे संदेह हुआ। वह अंदर गया तो मां-बेटे के शव खून से लथपथ पड़े देखकर उसके होश उड़ गए। इसके बाद उसने तत्काल ग्रामीणों और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अंतू पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ करते हुए घटना के विभिन्न पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। वहीं फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए।
