बिहार के मंत्री का दावा! नीतीश ने सम्राट चौधरी को नए मुख्यमंत्री के रूप में पेश नहीं किया
March 19, 2026
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा के लिए चुने जा चुके हैं। वह अब जल्द ही केंद्र की राजनीति करते हुए नजर आने वाले हैं। ऐसे में बिहार में सबसे बड़ा सवाल ये है कि नीतीश कुमार के बाद राज्य का मुख्यमंत्री कौन बनेगा। बिहार में सीएम पद की रेस में कई दिनों से उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का नाम आगे चल रहा है। वर्तमान में उनके पास गृह मंत्रालय का भी प्रभार है। ऐसे में वह सीएम पद के प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं। हालांकि, इन चर्चाओं के बीच जदयू नेता और बिहार सरकार में मंत्री विजय कुमार चौधरी ने बड़ा दावा किया है। विजय चौधरी ने कहा है कि सीएम नीतीश ने सम्राट चौधरी को नए मुख्यमंत्री के रूप में पेश नहीं किया है।
दरअसल, नीतीश कुमार बुधवार को समृद्धि यात्रा के दौरान बिहार के जमुई जिले के दौरे पर थे। इस दौरान नीतीश ने सम्राट चौधरी की ओर इशारा करते हुए कहा- "ये बिहार को देखेंगे और राज्य काफी प्रगति करेगा।" ऐसे में ये कयास लगाए जाने लगे थे कि सम्राट चौधरी ही बिहार के अगसे मुख्यमंत्री बन सकते हैं। बता दें कि नीतीश कुमार राज्यसभा जाने के लिए जल्द मुख्यमंत्री पद छोड़ सकते हैं।
सम्राट चौधरी को लेकर जारी अटकलों के बारे में जब मंत्री विजय कुमार चौधरी से पूछा गया तो उन्होंने कहा- "मैं वहां मौजूद था, इसलिए कृपया मेरे सामने अपनी व्याख्या न करें। इसमें कुछ भी नया नहीं है। आप लोग (पत्रकार) इसे नया संकेत मान रहे हैं।" विजय कुमार चौधरी ने आगे ये भी कहा कि उपमुख्यमंत्री के रूप में सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री के साथ ईमानदारी से काम कर रहे हैं। सीएम नीतीश अपने साथियों को प्रोत्साहित करते हुए कहते हैं कि वे आगे जिम्मेदारी संभालेंगे।
बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में इफ्तार पार्टी के दौरान नीतीश कुमार के बेटे निशांत ने नीतीश की जगह ली। 18 वर्षों तक इस आयोजन में मौलाना मुनअमी के साथ स्टेज पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ही बैठ कर दुआ में शरीक होते थे। हालांकि, इस बार पहली बार इफ्तार पार्टी में मौलाना के बगल में नीतीश कुमार नहीं बैठे। मौलाना के ठीक बगल में निशांत कुमार बैठे थे। नीतीश कुमार पीछे, दीवार से लगी एक कुर्सी पर बैठे थे।
