मुसाफिरखाना: पत्नी से बातचीत के शक में साढ़ू पर चाकू से हमला, इलाज के दौरान मौत
March 31, 2026
मुसाफिरखाना/अमेठी। कस्बा निवासी विजय बहादुर विश्वकर्मा की ट्रामा सेंटर लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई। वह बीते 13 मार्च को हुए चाकू हमले में गंभीर रूप से घायल हुए थे। जानकारी के अनुसार, सुल्तानपुर जनपद के कुड़वार थाना क्षेत्र के कामापुर मजरे सोहगौली निवासी रोहित विश्वकर्मा एक प्रीतिभोज कार्यक्रम में शामिल होने 13 मार्च 2026 को मुसाफिरखाना आया था। आरोप है कि उसने अपने साढ़ू विजय बहादुर विश्वकर्मा को नहर की पटरी पर बुलाया और पत्नी से बातचीत न करने को लेकर समझाने लगा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। विवाद के दौरान रोहित विश्वकर्मा ने विजय बहादुर पर चाकुओं से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। गंभीर हालत में विजय बहादुर को इलाज के लिए ट्रामा सेंटर लखनऊ में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
.jpg)