पेपर में न हो जाति, पंथ या सम्प्रदाय पर अमर्यादित टिप्पणी-मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
March 15, 2026
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी भर्ती बोर्डों के चेयरपर्सन्स को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी व्यक्ति, जाति, पंथ या सम्प्रदाय की मर्यादा और आस्था के विषय में अमर्यादित टिप्पणी ना करें। इसके साथ ही, सीएम योगी ने यह भी कहा कि यह निर्देश सभी पेपर सेटर्स को भी कड़ाई से पालन करने का दिया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हैबिचुअल ऑफेंडर्स (यानी जो लगातार नियमों का उल्लंघन करते हैं) को तत्काल प्रतिबंधित किया जाए और इस विषय को पेपर सेटर्स के एमओयू का भी हिस्सा बनाया जाए।
इसके साथ ही, मुख्यमंत्री ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में जारी वर्षा और फसलों को हो रहे संभावित नुकसान के मद्देनज़र भी कई निर्देश दिए हैं। उन्होंने ज़िलाधिकारियों को फील्ड में जाकर फसलों को हो रहे नुकसान का तत्काल आकलन कराने का आदेश दिया। राहत आयुक्त को निर्देश दिए गए हैं कि वे फील्ड के अधिकारियों के साथ सीधे समन्वय स्थापित करें और फसलों को होने वाले नुकसान का आकलन प्राप्त कर समय पर मुआवजे के वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित करें।
बता दें कि कई ऐसी घटनाएं सामने आई हैं जहां प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्रों में किसी जाति, धर्म या महापुरुषों को लेकर विवादास्पद या अपमानजनक सवाल पूछे गए। हाल ही में यूपी पुलिस SI भर्ती परीक्षा के एक प्रश्न में 'पंडित' शब्द के विवादास्पद विकल्प को लेकर उपजे सियासी और सामाजिक आक्रोश के बाद मुख्यमंत्री ने सभी भर्ती बोर्ड के चेयरपर्सन्स को सख्त हिदायत दी है कि भविष्य में किसी भी व्यक्ति, जाति, पंथ या संप्रदाय की मर्यादा और आस्था के विरुद्ध कोई भी अमर्यादित टिप्पणी न की जाए।
