अमेठीः सड़क निर्माण में घटिया सामग्री का प्रयोग, जांच की मांग
March 07, 2026
अमेठी। जनपद अमेठी के विकासखंड संग्रामपुर के ग्रामसभा बनबीरपुर स्थित बनबीरपुर खास गांव में बन रही इंटरलॉकिंग सड़क के निर्माण कार्य में घटिया सामग्री के उपयोग का आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य में मानक के विपरीत पीली ईंटों का प्रयोग किया जा रहा है। इसके साथ ही इंटरलॉकिंग की जोड़ाई में इस्तेमाल किया जा रहा मसाला (सीमेंट व बालू) भी गुणवत्ता के अनुरूप नहीं बताया जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार इस प्रकार की सामग्री से बनने वाली सड़क ज्यादा दिनों तक टिकाऊ नहीं रह पाएगी और जल्दी खराब होने की आशंका है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से मामले की जांच कराए जाने की मांग की है। उनका कहना है कि निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए, ताकि सरकारी धन का सही उपयोग हो और गांव में गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य कराया जा सके।
