Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

छापेमारी के दौरान एक घर से 32 सिलेंडर जब्त


देशभर में सिलेंडर की कमी के मामले सामने आ रहे हैं। गैस एजेंसियों और गोदामों के बाहर लोगों की लंबी लाइनें लगी हुई हैं। इस बीच यूपी के हापुड़ से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। हापुड़ में छापेमारी के दौरान एक घर से 32 सिलेंडर जब्त हुए हैं।

हापुड़ में बीती रात स्थानीय अधिकारियों की छापेमारी के दौरान एक घर से 32 सिलेंडर ज़ब्त किए गए, जिनमें 18 भरे हुए सिलेंडर शामिल हैं।

जिला आपूर्ति अधिकारी सीमा बलियान ने कहा, "DM ने हर तहसील में टीमें बनाई हैं, जो गश्त कर रही हैं और कार्रवाई की जा रही है। कल रात करीब 9 बजे एक मामला सामने आया, जिसमें एक व्यक्ति ने अपने निजी घर में 18 भरे हुए और 14 खाली सिलेंडर रखे हुए थे। विभाग ने तुरंत कार्रवाई की और सभी सिलेंडरों को ज़ब्त कर लिया गया है। मामला दर्ज कर लिया गया है।"

उन्होंने यह भी कहा, "हापुड़ में घरेलू गैस सिलेंडर, पेट्रोल और डीजल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। लोग ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवाकर अपनी गैस एजेंसियों से सिलेंडर ले सकते हैं।"

गौरतलब है कि देश में जगह-जगह से गैस सिलेंडरों की किल्लत के मामले सामने आ रहे हैं, ऐसे में कई लोग सिलेंडरों की कालाबाजारी में लग गए हैं और उसका स्टॉक जमा कर रहे हैं। वह मनमाने दामों में इन्हें बेच रहे हैं। ऐसा ही मामला हापुड़ से भी सामने आया, जहां एक ही घर से 32 सिलेंडर जब्त किए गए।

बता दें कि मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच ईरान द्वारा स्ट्रेट ऑफ होर्मुज बंद कर दिया गया है। इसी वजह से LPG की सप्लाई भारत में प्रभावित हो रही है। हालांकि सरकार का कहना है कि देश में गैस और तेल का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और सप्लाई चैन में कोई रुकावट नहीं है।

यूपी के नोएडा में तो लोग गोदामों के बाहर लंबी कतारें लगाकर खड़े हैं। लोगों का कहना है कि वह तीन दिन से गोदामों के चक्कर काट रहे हैं और उन्हें सिलेंडर नहीं मिल पाया है। हालात ये हैं कि नोएडा में लोग सुबह 3 बजे से ही गोदामों के बाहर लाइनें लगाकर खड़े हो जाते हैं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |