कोर्ट का शिकंजा कसा, अमीषा का सोशल मीडिया पर मै ट्रेंड कर रही हूँ’ का दावा,
मुरादाबाद (विधान केसरी)। मुरादाबाद की एक अदालत ने बॉलीवुड अभिनेत्री अमीषा पटेल के खिलाफ गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी करते हुए पुलिस को निर्देश दिया है कि उन्हें 27 मार्च को हर हाल में अदालत में पेश किया जाए। अदालत के इस सख्त रुख के बीच अभिनेत्री का सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर दिया गया बयान चर्चा का केंद्र बन गया है।
अमीषा पटेल ने अपने पोस्ट में लिखा कि वह इस समय बॉलीवुड में “नंबर 1 स्टार” होने का आनंद ले रही हैं और मीडिया उन्हें “पुरानी, आउटडेटेड और बेकार की बातों” से और ज्यादा मशहूर बना रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि वह “किसी और की ब्लॉकबस्टर फिल्म से ज्यादा ट्रेंड” कर रही हैं। कोर्ट की कार्रवाई और अभिनेत्री के इस बयान ने मामले को और सुर्खियों में ला दिया है।
क्या है पूरा मामला?
विवाद वर्ष 2017 का है। शिकायतकर्ता पवन वर्मा का आरोप है कि एक विवाह समारोह में प्रस्तुति देने के लिए अभिनेत्री को पूरी फीस अदा की गई थी, लेकिन फीस लेने के बावजूद वह कार्यक्रम में शामिल नहीं हुईं। इसके बाद पीड़ित पक्ष ने अदालत की शरण ली।
सूत्रों के मुताबिक, इस प्रकरण में अभिनेत्री को पहले जमानत मिल चुकी थी। हालांकि, अदालत की ओर से तय की गई शर्तों और पेशी की तारीखों का पालन न करने पर कोर्ट ने सख्ती दिखाई। बार-बार अनुपस्थित रहने और शर्तों की अनदेखी को गंभीरता से लेते हुए अदालत ने अब गैर-जमानती वारंट जारी कर दिया है।
अदालत का सख्त संदेश
अधिवक्ता पंकज शर्मा के अनुसार, “कोर्ट ने अमीषा पटेल को 27 मार्च को पेश करने के स्पष्ट आदेश दिए हैं। आगे की कार्रवाई उनकी अदालत में उपस्थिति के बाद तय की जाएगी।”
एक ओर अदालत का कड़ा रुख, दूसरी ओर अभिनेत्री का आत्मविश्वास से भरा सोशल मीडिया पोस्ट—इन दोनों के बीच अब सबकी निगाहें 27 मार्च की तारीख पर टिकी हैं। क्या अभिनेत्री अदालत में पेश होंगी या कानूनी मोर्चे पर कोई नई रणनीति सामने आएगी यह आने वाला समय बताएगा।
