Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

हैदराबाद में सामूहिक आत्महत्या से सनसनी! एक ही झटके में उजाड़ दिया पूरा परिवार


तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में कर्ज के भारी बोझ के कारण एक ही परिवार के तीन सदस्यों के आत्महत्या किए जाने की दर्दनाक घटना सामने आई है. इस घटना से पूरे इलाके में सदमे और दहशत का माहौल है. मृतकों की पहचान 55 साल के रामराज, उनकी 50 साल की पत्नी माधवी और 24 साल के बेटे शशांक के रूप में हुई है.

जानकारी के मुताबिक, जब लंबे समय तक उनके घर से कोई आवाज नहीं आई तो पड़ोसियों को शक हुआ. उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर घर में प्रवेश किया, जहां तीनों के शव बरामद हुए.

पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें लिखा गया है, "भारी कर्ज के कारण हम यह फैसला ले रहे हैं." इस संबंध में पुलिस निरीक्षक डी. किरण कुमार ने बताया कि पत्र की जांच की जा रही है और यह स्पष्ट किया जा रहा है कि आत्महत्या का कारण केवल आर्थिक तंगी थी या इसके पीछे कोई अन्य वजह भी शामिल है.

पुलिस के मुताबिक, रामराज एक छोटा व्यवसाय चला रहे थे, लेकिन हाल के महीनों में उनके कारोबार में लगातार नुकसान हो रहा था. इसी वजह से उन पर कर्ज बढ़ता चला गया. बताया जा रहा है कि कर्जदार लगातार पैसे की मांग कर रहे थे, जिससे परिवार मानसिक तनाव में था.

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है. फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी सबूत एकत्र किए हैं. पुलिस रिश्तेदारों और पड़ोसियों से भी पूछताछ कर रही है ताकि घटना के पीछे की पूरी सच्चाई सामने लाई जा सके. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि की जाएगी. फिलहाल, मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है.

पड़ोसियों ने बताया कि यह परिवार बेहद शांत और मेहनती था. उनका किसी से कोई विवाद नहीं था और न ही किसी गंभीर बीमारी की जानकारी सामने आई है. स्थानीय लोग इस बात पर चर्चा कर रहे हैं कि छोटे व्यवसाय करने वाले लोगों पर आर्थिक दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है और इससे मानसिक तनाव भी गहराता जा रहा है.

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |