उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही पवन हंस हेलिकॉप्टर में आई खराबी, समंदर में क्रैश लैंडिंग
February 24, 2026
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया. पवन हंस का एक हेलिकॉप्टर उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद तकनीकी खराबी का शिकार हो गया, जिसके बाद पायलट को उसे समुद्र में उतारना पड़ा. राहत की बात यह रही कि हेलिकॉप्टर में सवार सभी लोग सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की खबर नहीं है.
यह हेलिकॉप्टर पोर्ट ब्लेयर से मायाबंदर की ओर जा रहा था. हेलिकॉप्टर में कुल सात लोग सवार थे. पवन हंस के प्रवक्ता के अनुसार यह घटना सुबह करीब 9:30 बजे हुई. हेलिकॉप्टर ने पोर्ट ब्लेयर से दो क्रू मेंबर और पांच यात्रियों के साथ उड़ान भरी थी.
उड़ान के दौरान हेलिकॉप्टर में तकनीकी खराबी आ गई. हालात को देखते हुए पायलट ने सभी लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हेलिकॉप्टर को समुद्र में उतारने का फैसला किया. अधिकारियों ने बताया कि मायाबंदर में लैंडिंग के समय हेलिकॉप्टर रनवे से करीब 300 मीटर पहले समुद्र में उतरा. शुरुआती जानकारी के मुताबिक तकनीकी खराबी की वजह का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है.
इससे पहले लेह जाने वाला स्पाइसजेट का एक विमान इंजन में खराबी के कारण मंगलवार सुबह राष्ट्रीय राजधानी लौट आया. एक सूत्र ने बताया कि उड़ान संख्या एसजी121 का संचालन करने वाले बोइंग 737 विमान में लगभग 150 यात्री सवार थे. संपर्क करने पर स्पाइसजेट के एक प्रवक्ता ने बताया कि मंगलवार को दिल्ली से लेह जाने वाली एक उड़ान तकनीकी खराबी के कारण राजधानी लौट आई.
प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, ‘‘विमान दिल्ली में सुरक्षित उतरा और सभी यात्रियों को सामान्य रूप से उतारा गया.’’ सूत्र ने बताया कि विमान के इंजन में खराबी आयी थी. प्रवक्ता के अनुसार, कॉकपिट में आग लगने की कोई चेतावनी नहीं थी.
