Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

लखनऊः इच्छापूर्ति श्री पंचमुखी हनुमान मंदिर की मूर्ति स्थापना एवं प्राण-प्रतिष्ठा भव्य रूप से संपन्न



लखनऊ। राजधानी के चैपटिया क्षेत्र स्थित फाटक जियालाल (गेट के अंदर पुराने पीपल के पास) में नवनिर्मित इच्छापूर्ति श्री पंचमुखी हनुमान मंदिर में गुरुवार को इच्छापूर्ति श्री पंचमुखी हनुमान जी की मूर्ति स्थापना एवं प्राण-प्रतिष्ठा का भव्य एवं दिव्य आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। कलश यात्रा मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर आसपास के क्षेत्रों का भ्रमण करती हुई पुनः मंदिर पहुंची। यात्रा के दौरान श्रद्धालु भक्ति गीतों और जयकारों के साथ वातावरण को भक्तिमय बनाते रहे। महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई। इसके उपरांत वैदिक मंत्रोच्चारण एवं विधि-विधान के साथ इच्छापूर्ति श्री पंचमुखी हनुमान जी की मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न कराई गई। साथ ही इच्छापूर्ति श्री पंचमुखी हनुमान जी के साथ मां भगवती दुर्गा जी तथा भव्य शिवलिंग के साथ शिव परिवार की स्थापना भी विधि-विधानपूर्वक की गई। धार्मिक अनुष्ठान के दौरान मंदिर परिसर पूर्णतः भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा। आचार्य नरेंद्र देव वार्ड के पार्षद मनीष रस्तोगी ने कहा कि श्रद्धालुओं की मान्यता है कि इच्छापूर्ति श्री पंचमुखी हनुमान जी की आराधना से सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं और जीवन के संकटों का नाश होता है। उन्होंने बताया कि मंदिर का निर्माण क्षेत्रवासियों के सहयोग और सामूहिक प्रयास से संभव हुआ है, जो सामाजिक एकता और धार्मिक आस्था का प्रतीक है। सायं 4 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन प्रारंभ हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इसके उपरांत सायं 7 बजे से भजन संध्या का आयोजन किया गया, जो देर रात तक चलता रहा। भजन संध्या में श्रद्धालुओं ने भक्ति गीतों के माध्यम से प्रभु का गुणगान किया और वातावरण को पूर्णतः आध्यात्मिक बना दिया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक आरती के साथ हुआ, जिसमें उपस्थित भक्तों ने क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि और सद्भाव की कामना की। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इच्छापूर्ति श्री पंचमुखी हनुमान मंदिर आने वाले समय में श्रद्धालुओं के लिए आस्था और विश्वास का प्रमुख केंद्र सिद्ध होगा।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |