Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

अमेठीः अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम का हुआ जमकर विरोध


अमेठी। जिले में अतिक्रमण हटाने पहुंची पीडब्ल्यूडी, तहसील प्रशासन और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम को मंगलवार को स्थानीय विरोध का सामना करना पड़ा। विरोध के चलते टीम कार्रवाई को पूरी तरह अंजाम नहीं दे सकी और अभियान अधूरा ही रोकना पड़ा। बताया जा रहा है कि उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिला अध्यक्ष महेश सोनी की भूमि, गाटा संख्या 590, पर आने-जाने के लिए निर्धारित 12 फीट के रास्ते पर कुछ राजनीतिक लोगों द्वारा कब्जा किए जाने का मामला पिछले छह महीनों से लंबित है। संबंधित पक्ष का दावा है कि विपक्षी लोगों का उक्त भूमि से कोई वैधानिक लेन-देन नहीं है, इसके बावजूद रास्ते पर अतिक्रमण किया गया है। प्रशासन के अनुसार, सम्पूर्ण समाधान दिवस के संदर्भ संख्या 3009142600045 दिनांक 17 जनवरी 2026 के क्रम में कराए गए स्थलीय निरीक्षण में यह पाया गया था कि राष्ट्रीय मार्ग संख्या-931 (-अमेठी गौरीगंज मार्ग) के किमी 35, चैनेज 34.006, वार्ड संख्या-7, ग्राम रायपुर फुलवारी में सड़क की सीमा के भीतर अवैध रूप से कॉलम फाउंडेशन तैयार कर सरिया, गिट्टी, मोरंग और पुरानी ईंट रखकर अतिक्रमण किया गया है। नोटिस में स्पष्ट किया गया था कि यह कृत्य एनएच एक्ट-2002 का उल्लंघन है और इससे सड़क पर आवागमन प्रभावित हो रहा है। साथ ही दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है। संबंधित व्यक्ति को नोटिस प्राप्ति के सात दिनों के भीतर स्वयं अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे। निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद मंगलवार को पीडब्ल्यूडी, तहसील प्रशासन और अमेठी कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। हालांकि स्थानीय स्तर पर विरोध और तनावपूर्ण माहौल के कारण अतिक्रमण पूरी तरह नहीं हटाया जा सका। प्रशासन का कहना है कि शेष अतिक्रमण को हटाने के लिए आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी और कानून व्यवस्था बनाए रखते हुए अभियान को पूरा किया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |