Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

रांची से दिल्ली आ रही एयर एंबुलेंस क्रैश, 7 लोग थे सवार


झारखंड की राजधानी रांची से बड़ी खबर सामने आ रही है। रांची एयरपोर्ट से उड़ान भरने के बाद एक एयर एंबुलेंस लापता हो गई। जानकारी के मुताबिक, उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही एयर एंबुलेंस रडार से गायब हो गई जिसके बाद एयरपोर्ट से एयर एंबुलेंस का संपर्क नहीं हो पा रहा था। इसके कुछ ही देर बाद खबर सामने आई है कि रांची से दिल्ली आ रही एयर एंबुलेंस क्रैश हो गई है। इसके झारखंड के चतरा में क्रैश होने की खबर सामने आई है। बता दें कि इस एयर एंबुलेंस में मरीज समेत 7 लोग सवार थे।

डीजीसीए के सूत्रों के हवाले से जानकारी सामने आई थी कि रांची एयरपोर्ट से उड़ान भरने के तुरंत बाद एक चार्टर विमान रडार से गायब हो गया है। वहीं, रांची एयरपोर्ट के सूत्रों ने बताया था कि एक मेडिकल फ्लाइट ने उड़ान भरी, इसका संपर्क अगले स्टेशन से स्थापित किया गया, फिर नियंत्रण अगले स्टेशन को सौंप दिया गया। इसके बाद संपर्क टूट गया। विमान का रांची एयरपोर्ट से संपर्क नहीं हुआ। इसकी जानकारी राज्य को दे दी गयी है। सभी जरूरी एसओपी का पालन किया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक, ये दुर्घटना सोमवार को शाम 7 बजकर 10 मिनट पर रांची एयरपोर्ट से एयर एंबुलेंस के उड़ान भरने के बाद हुई है। रांची एयरपोर्ट के निदेशक विनोद कुमार के मुताबिक, 7 लोगों को रांची से दिल्ली ले जा रही एयर एंबुलेंस झारखंड के चतरा जिले में सिमरिया के पास क्रैश हो गई। उन्होंने बताया कि दुर्घटना की रिपोर्ट राज्य प्रशासन से प्राप्त हुई है।

दुर्घटनाग्रस्त एयर एंबुलेंस रेड बर्ड एयरवेज की बतायी जा रही है। शाम को 7 बजकर 34 मिनट पर एयर एंबुलेंस का संपर्क एटीसी से टूट गया था। एयर एंबुलेंस को कैप्टन विवेक विकास भगत और कैप्टन सवरदीप सिंह चला रहे थे। ऐसी संभावना जताई जा रही है कि एयर एंबुलेंस खराब मौसम या तकनीकी खराबी के कारण दुर्घटना का शिकार हुई है। एसपी सुमित अग्रवाल घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। मामले में अधिक जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है।

सामने आई जानकारी के मुताबिक, एयर एंबुलेंस किसी 41 वर्षीय संजय कुमार नामक मरीज को लेकर जा रही थी। संजय कुमार जल जाने की वजह से गंभीर स्थिति में थे। संजय कुमार देव कमल अस्पताल में भर्ती थे। उन्हें एयर एंबुलेंस से ले जाया जा रहा था। उनके अलावा एयर एंबुलेंस पर सवार छह लोगों में रितेश कुमार, सचिन कुमार मिश्रा, डॉ विकास कुमार गुप्ता, अर्चना देवी और धुरू कुमार शामिल थे। इनमें एक डॉक्टर, एक पारा मेडिकल स्टाफ, दो अटेंडेंट और एक पायलट शामिल थे। किसी के भी बचने की उम्मीद नहीं है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |