Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

मेट्रिमोनियल वेबसाइट पर महिला से कर ली ठगी, शादी का झांसा देकर 17.73 लाख रुपए वसूले


महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई से धोखाधड़ी का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। प्राथमिक रूप से मिली जानकारी के मुताबिक, मुलुंड ईस्ट में एक महिला के साथ ऑनलाइन वैवाहिक धोखाधड़ी की घटना हुई है। यहां एक 42 वर्षीय महिला ग्राफिक डिजाइनर को शादी का झांसा देकर 17.73 लाख रुपये की ठगी का शिकार बनाया गया है। जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने खुद को एक प्रभावशाली एनजीओ का अध्यक्ष बताया और सरकारी योजनाओं का हवाला देकर महिला से बड़ी रकम ऐंठ ली। पीड़िता की शिकायत पर नवघर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, महिला कई सालों से एक नामी ऑनलाइन मेट्रोमोनियल वेबसाइट के जरिए जीवनसाथी की तलाश कर रही थी। 29 सितंबर 2025 को उसे “वी बी” नाम की प्रोफाइल से शादी का प्रस्ताव मिला, जिसे उसने 18 अक्टूबर को स्वीकार कर लिया। इसके बाद आरोपी ने मोबाइल और व्हाट्सएप कॉल के जरिए संपर्क किया और अपना नाम पुणे निवासी विराज बालासाहेब भोसले (45) बताया।

आरोपी ने महिला को बताया कि उसके पिता आईपीएस अधिकारी हैं और उसकी मां फिजियोथेरेपिस्ट हैं। उसने यह भी दावा किया कि वह पुणे स्थित एक गैर-सरकारी संगठन का अध्यक्ष है और उसे सीएसआर फंड व सरकारी आवास योजनाओं की जानकारी और पहुंच है। आरोपी ने कहा कि वह तलाकशुदा, विधवा और अकेली महिलाओं को कम दाम में घर दिलाने में मदद करता है।

20 अक्टूबर 2025 को आरोपी ने मुंबई में घर दिलाने के नाम पर एक सांकेतिक राशि की मांग की। आरोपी की बातों पर भरोसा कर महिला ने अपने बैंक खाते से अलग-अलग किश्तों में 5.60 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद आरोपी के कहने पर महिला ने एक बैंक से तीन व्यक्तिगत ऋण लिए और उसके बताए गए खातों में अतिरिक्त 12.13 लाख रुपये भेज दिए। कुल 17.73 लाख रुपये मिलने के बाद आरोपी ने महिला से संपर्क कम करना शुरू कर दिया। जब महिला ने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी ने कथित तौर पर उसे गाली-गलौज की और धमकाया। उसने अपने राजनीतिक और पुलिस संपर्कों का हवाला देते हुए शिकायत करने पर गंभीर अंजाम भुगतने की चेतावनी भी दी।

बाद में जब पीड़िता ने आरोपी की फेसबुक प्रोफाइल की जांच की, तो उसे पता चला कि आरोपी ने इसी तरह कई अन्य महिलाओं को भी ठगा है। इसके बाद महिला ने नवघर पुलिस से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई। नवघर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक धमकी से जुड़ी धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। आरोपी फिलहाल फरार है और उसकी तलाश व गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |