सीएम धामी ने किया पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण
December 14, 2025
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज (रविवार को) आंध्र प्रदेश के मदनपल्ली में अटल-मोदी सुशासन यात्रा के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। इस मौके पर उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को नमन किया। अपने संबोधन में पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आंध्र प्रदेश बीजेपी की तरफ से राज्य के हर जिले में अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा की स्थापना की जा रही है। यह मेरा भी सौभाग्य है कि मुझे देश के कुशल वक्ता, प्रेरणास्रोत अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा के अनावरण का अवसर मिला।
सीएम धामी ने कहा, ''अटल बिहारी वाजपेयी ने कवि के रूप में शब्दों को स्वर दिया। अपने विचारों और तर्कों से विरोधियों का भी सम्मान अर्जित किया। उन्होंने हमेशा राष्ट्र हित को सर्वोपरि रखा और कभी अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया। उनके भाषण की ये पक्तियां सदैव अमर रहेंगी कि सरकारें आएंगी, जाएंगी, पार्टियां बनेंगी, बिगड़ेंगी मगर ये देश हमेशा रहना चाहिए।''
पुष्कर सिंह धामी ने आगे कहा, ''देश के प्रधानमंत्री के रूप में अटल बिहारी वायपेयी ने सशक्त, आत्मनिर्भर देश बनने का मार्ग प्रशस्त किया। उन्होंने सर्वप्रथम देश में गठबंधन की सरकार का कार्यकाल सफलतापूर्वक पूरा किया। उन्होंने यह साबित किया कि यदि उद्देश्य राष्ट्र उत्थान का हो तो बहुत सारे दल भी मिलकर सरकार चला सकते हैं। आज उन्हीं की प्रेरणा से प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में एनडीए की सरकार भारत को सशक्त, शक्तिशाली, आत्मनिर्भर भारत बनाने की दिशा में कार्य कर रही है।''
सीएम धामी ने कहा कि स्टार्टअप इंडिया अभियान के माध्यम से भारत आज विश्व का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इको सिस्टम खड़ा करने वाला देश बन गया है। आज अमेरिका और यूरोप के लोग भी यह देख कर अचंभित हैं कि भारत में सब्जी की छोटी सी दुकान चलाने वाली महिला भी यूपीआई के माध्यम से पेमेंट का लेनदेन कर रही है।
पुष्कर सिंह धामी ने कहा, ''आज देश के अंदर विश्वस्तरीय एक्सप्रेस वे, हाईवे और एलीवेटेड रोड का निर्माण हो रहा है। आज वंदे भारत जैसी ट्रेन भारत की पहचान बन रही है। आजादी के बाद देश में जितने एयरपोर्ट बने थे उतने तो प्रधानमंत्री मोदी के 11 साल के कार्यकाल में ही बना दिए गए हैं।''
उन्होंने ये भी कहा कि आप सभी देवभूमि से किसी न किसी रूप से जुड़े हैं। यहां पर चार धाम हैं। यहां आप आएंगे तो आपको भव्य केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री के दर्शन होंगे।
