•सड़क किनारे अतिक्रमण पर चला अभियान, जुर्माना और चेतावनी
•नियम तोड़े तो सीधी कार्रवाई, नगर पंचायत अलर्ट: रामेश्वर दयाल
•अतिक्रमण मुक्त कांठ की ओर प्रशासन का सख्त कदम
मुरादाबाद/कांठ (विधान केसरी)। नगर की हर गली, हर सड़क और हर व्यवस्था पर पैनी नजर रखने वाले श्री रामेश्वर दयाल, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत कांठ प्रशासनिक दृढ़ता और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण हैं। नियमों के पालन में जहां उनकी कार्यशैली सख्त है, वहीं नगर की स्वच्छता, सुगम यातायात और नागरिक सुविधाओं को लेकर उनका दृष्टिकोण पूरी तरह जनकेन्द्रित है। अतिक्रमण हो या अव्यवस्था, लापरवाही हो या नियमों की अनदेखी श्री दयाल हर मोर्चे पर जीरो टॉलरेंस नीति के साथ सक्रिय नजर आते हैं। उनके नेतृत्व में नगर पंचायत कांठ न केवल अनुशासित प्रशासन की दिशा में आगे बढ़ रहा है, बल्कि स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित नगर की पहचान भी गढ़ रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को उप जिलाधिकारी कांठ के निर्देशानुसार नगर में सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण के विरुद्ध सघन अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया।
यह अभियान श्री रामेश्वर दयाल, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत कांठ की अध्यक्षता में पुलिस बल एवं प्रशासनिक टीम की उपस्थिति में संचालित किया गया। अभियान के दौरान नगर के प्रमुख मार्गों एवं बाजार क्षेत्रों में दुकानों के बाहर सामान रखकर सड़क पर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों तथा सार्वजनिक मार्गों पर ठेला लगाकर आवागमन में बाधा उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों पर जुर्माना लगाया गया तथा उन्हें भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न करने की कड़ी चेतावनी दी गई।
प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि यदि भविष्य में किसी भी व्यक्ति द्वारा पुनः सड़क किनारे अतिक्रमण किया गया तो उसका सामान ज़ब्त कर लिया जाएगा और संबंधित के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि नगर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, आमजन की सुविधा तथा नगर की सुंदरता के लिए अतिक्रमण हटाना आवश्यक है। इस अवसर पर नगर पंचायत प्रशासन ने नागरिकों से नगर में स्वच्छता बनाए रखने, सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी न फैलाने तथा नियमों का पालन करने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित नगर की जिम्मेदारी प्रशासन के साथ-साथ आम नागरिकों की भी है। अभियान के दौरान नगर पंचायत कांठ के वरिष्ठ लिपिक श्री अमित कुमार, श्री मोहम्मद आफाक, एसबीएम प्रभारी श्री मोहम्मद आलम, श्री इकरार अहमद, कंप्यूटर ऑपरेटर श्री नितिन कुमार, श्री निशांत कुमार, सफाई नायक एवं संबंधित सफाई कर्मचारीगण उपस्थित रहे। पुलिस बल की सक्रिय भूमिका के चलते अभियान शांतिपूर्ण एवं प्रभावी ढंग से संपन्न हुआ। नगर पंचायत प्रशासन ने दोहराया कि आगे भी ऐसे अभियान निरंतर चलाए जाएंगे ताकि नगर में अव्यवस्था और अतिक्रमण पर पूरी तरह से रोक लगाई जा सके।
