डोनाल्ड ट्रंप ने हड़काया तो नरम पड़ गए जेलेंस्की, अमेरिकी राष्ट्रपति को कहा- 'थैंक यू'
November 24, 2025
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप रूस और यूक्रेन के बीच 3 साल से ज्यादा समय से जारी जंग को रुकवाने की कोशिश में लगे हुए हैं। इसके लिए अमेरिका ने एक और नया प्रस्ताव दिया है जिस पर चर्चा जारी है। हालांकि, इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने यूक्रेन के नाराजगी जताई थी और उसे अहसान फरामोश तक करार दे दिया था। ट्रंप ने कहा कि यूक्रेन ने कभी भी अमेरिकी समर्थन और उसके प्रयासों के लिए आभार नहीं जताया। डोनाल्ड ट्रंप द्वारा की गई इस आलोचना के बाद अब यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की डोनाल्ड ट्रंप को थैंक यू कहा है।
डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में सोशल मीडिया अकाउंट ट्रूथ पर लिखा था- "मुझे एक ऐसा युद्ध विरासत में मिला, जो कभी नहीं होना चाहिए था। एक ऐसी जंग जिसमें सभी का नुकसान हुआ। इसमें लाखों लोग बेवजह मारे गए। यूक्रेन के नेतृत्व ने हमारी कोशिशों पर बिल्कुल भी आभार नहीं जताया है। यूरोप लगातार रूस से तेल खरीद रहा है। भगवान उन सभी की आत्मा को शांति दे, जो इस युद्ध में मारे गए हैं।"
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने कहा- "हर कोई यूक्रेन को समर्थन दे रहा है, सलाह दे रहा है, जानकारी दे रहा है- और मैं हर उस व्यक्ति का आभारी हूं जो हमें यह मदद दे रहा है। यह सुनिश्चित करना महत्वपूर्ण है कि युद्ध समाप्त करने के कदम प्रभावी हों और सब कुछ संभव हो। यूक्रेन ने कभी युद्ध नहीं चाहा है और हम शांति में कभी बाधा नहीं बनेंगे। यह महत्वपूर्ण है कि मुख्य लक्ष्य को न भूलें - रूस के युद्ध को रोकना और इसे फिर कभी भड़कने से रोकना। और इसे हासिल करने के लिए शांति को गरिमापूर्ण होना चाहिए।"
वोलोडिमिर जेलेंस्की ने कहा- "यूक्रेन उस सहायता के लिए संयुक्त राज्य अमेरिका, हर अमेरिकी और व्यक्तिगत रूप से राष्ट्रपति ट्रम्प का आभारी है, जो जेवलिन से शुरू होकर यूक्रेनी लोगों की जान बचा रहा है। हम यूरोप, जी7 और जी20 में हर किसी को धन्यवाद देते हैं जो जीवन की रक्षा में हमारी मदद कर रहे हैं। समर्थन को सुरक्षित रखना महत्वपूर्ण है।"
