Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

मंगलवार को बारिश से दिल्ली का मौसम सुहाना


मंगलवार के दिन बारिश के चलते दिल्ली और आसपास के इलाकों में मौसम सुहाना हो गया। यहां लोगों को सितंबर के महीने जून जैसे गर्मी झेलनी पड़ रही थी। अब बारिश के चलते मौसम सुहाना हुआ है। बुधवार को भी दिल्ली के कई इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, गुजरात और उत्तर पूर्वी राज्यों के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी देते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
दक्षिण-पूर्वी दिल्ली,पूर्वी दिल्ली, शाहदरा , मध्य दिल्ली, उत्तर-पूर्वी दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली, नई दिल्ली, दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली,पश्चिमी दिल्ली, उत्तर-पश्चिमी दिल्ली, उत्तरी दिल्ली, के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। यहां आकाशीय बिजली और अचानक तेज हवा चलने की संभावना है। हवा की गति 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है। मौसम विभाग ने कहा है कि बारिश के दौरान सावधानी के साथ वाहन चलाएं। इसके साथ ही बारिश के दौरान पेड़ के नीचे नहीं खड़े होने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र और केरल के तटीय इलाकों, ओडिशा और उत्तर पूर्वी राज्यों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन जगहों पर तेज बारिश हो सकती है। देश के अन्य सभी हिस्सों में मौसम सामान्य रहने की संभावना है।
दिल्ली में मंगलवार को भारी बारिश के बाद यातायात बाधित हो गया, अंडरपास में पानी भर गया और प्रमुख मार्गों पर हजारों यात्री फंस गए। दक्षिण-पश्चिम मानसून अपने सामान्य समय से एक दिन पहले ही 24 सितंबर को दिल्ली से आधिकारिक रूप से विदा हो गया था और इसकी विदाई के एक सप्ताह के अंदर फिर से बारिश हो गई। राष्ट्रीय राजधानी में 2002 के बाद से इस बार सबसे जल्दी मानसून लौटा है। उस साल 20 सितंबर को मानसून विदा हो गया था। दिल्ली में पिछले कुछ दिनों से उमस भरी स्थिति के बाद बारिश हो जाने से काफी हद तक राहत मिली लेकिन इस बीच यात्रियों के लिए परेशानी बढ़ गई। वाहनों की गति धीमी पड़ गई और यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में समस्याओं का सामना करना पड़ा।
गुरुग्राम की ओर एनएच-48 पर रेडिसन होटल फ्लाईओवर पर 25 मिनट तक यातायात बाधित रहा जबकि जामिया मिलिया इस्लामिया के पास तिकोना पार्क के समीप वाहन बहुत धीरे-धीरे आगे बढ़े। पीतमपुरा में नेताजी सुभाष प्लेस, महात्मा गांधी रोड, लाजपत नगर में कैप्टन गौड़ मार्ग और आउटर रिंग रोड के कुछ हिस्सों से भी यातायात बाधित होने की खबरें आईं। अधिकारियों ने बताया कि लोक निर्माण विभाग के बाढ़ नियंत्रण कक्ष को जलभराव के संबंध में मंगलवार को लगभग 20 सूचनाएं प्राप्त हुईं। इनमें राजा गार्डन चौक, शाहदरा, वज़ीराबाद पुल, ए-ब्लॉक हरि नगर आदि इलाके शामिल हैं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |