मुहम्मदाबाद यूसुफपुर (गाजीपुर)। 2 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और भारत के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थाओं, विद्यालयों और सामाजिक संगठनों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक व शैक्षिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
स्थानीय अष्ट शहीद इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य शिव शंकर गिरि के नेतृत्व में शिक्षकगण व कर्मचारियों ने बापू और शास्त्री जी की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर दीप प्रज्वलित किया। इस दौरान दोनों महान विभूतियों के आदर्शों को आत्मसात करने और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया।
विद्यालय प्रांगण में आयोजित गोष्ठी में छात्र-छात्राओं को गांधी जी के सत्य और अहिंसा के सिद्धांत तथा शास्त्री जी की सादगी, ईमानदारी और ष्जय जवान जय किसानष् के नारे की महत्ता से अवगत कराया गया। बच्चों ने निबंध, भाषण और गीत प्रस्तुत कर दोनों महापुरुषों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसी क्रम में नगर और ग्रामीण क्षेत्रों के अन्य विद्यालयों व संस्थाओं में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। कहीं प्रभात फेरी निकाली गई, तो कहीं स्वच्छता अभियान चलाकर बापू के स्वच्छ भारत के सपने को साकार करने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रमों में उपस्थित शिक्षकों और गणमान्य नागरिकों ने कहा कि गांधी जी और शास्त्री जी की जयंती हमें राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने और सत्य, त्याग, ईमानदारी व सेवा जैसे आदर्शों को जीवन में उतारने की प्रेरणा देती है।
