शुकुलबाजार: श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के पूर्व निकाली गई भव्य कलश यात्रा
October 27, 2025
शुकुलबाजार/अमेठी। विकासखंड क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम हुसैनपुर में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के शुभारंभ से पूर्व सोमवार की सुबह भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा में सैकड़ों महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों के साथ भाग लिया। पूरे क्षेत्र में भक्ति और श्रद्धा का माहौल बना रहा। कलश यात्रा का शुभारंभ कथा स्थल हुसैनपुर से हुआ, जो ग्राम के प्रमुख मार्गों से होते हुए हरीश घाट गोमती नदी के किनारे कलश भरने के बाद पुनः कथा स्थल पर पहुँची। इस अवसर पर मार्गों को आकर्षक रूप से सजाया गया और जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर कलश यात्रा का स्वागत किया। श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का सोमवार से ही होगा। कथा का वाचन पूज्य गरूणेश जी महाराज (श्रीधाम अयोध्या) द्वारा किया जाएगा। कथा प्रतिदिन सायं 7 बजे से रात्रि 10 बजे तक आयोजित होगी। आयोजक समिति ने बताया कि कथा का पूर्णाहुति हवन 3 नवम्बर 2025, सोमवार को तथा भव्य भंडारा 4 नवम्बर 2025, मंगलवार को संपन्न होगा। ग्रामवासियों ने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कथा श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है । इस अवसर पर प्रधान संघ के अध्यक्ष सतीश मिश्रा मनोज मौर्य गिरधारी मौर्य, रामकुमार मौर्य ,आदि सैकड़ों लोग मौजूद रहेे।
