सोनभद्र। चोपन नगर पंचायत क्षेत्र के रामलीला मैदान में रविवार को उस समय माहौल गर्म हो गया, जब स्थानीय लोगों ने कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कार्यवाहक अधिशासी अधिकारी (ईओ) मधुसूदन जायसवाल और नगर पंचायत अध्यक्ष को घेर लिया। जनता ने कहा कि मनमाने ढंग से किए जा रहे कार्यों और अनियमितताओं पर ईओ व अध्यक्ष को खरी-खोटी सुनाई। इस दौरान 10 वर्ष पूर्व बने शौचालय की बाउंड्री दीवार के नाम पर घोटाले का आरोप लगाते हुए लोगों ने जमकर हंगामा किया। विवाद इतना बढ़ा कि ईओ और अध्यक्ष को मौके से निकलना पड़ा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वायरल वीडियो में स्थानीय लोग ईओ और अध्यक्ष से तीखी बहस करते और नाराज़गी जताते हुए नज़र आ रहे हैं।जनता का कहना है कि नगर पंचायत में विकास कार्यों के नाम पर मनमानी और भ्रष्टाचार किया जा रहा है। आरोप है कि वर्षों पहले बने ढांचे को बार-बार दिखाकर धन का बंदरबांट किया जा रहा है। फिलहाल, मामले ने नगर पंचायत प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं और क्षेत्र में यह चर्चा का विषय बना हुआ है।
!doctype>
