Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

बाराबंकीः बच्चों की उपस्थिति में प्रदेश में प्रथम स्थान पर बाराबंकी! शिक्षा विभाग ने जारी की रैंकिंग, दूसरे पर संतकबीरनगर, तीसरे पर शामलीः टाप टेन में जिले के अलावा अयोध्या मंडल के सुलतानपुर, अमेठी व अंबेडकरनगर


बाराबंकी। परिषदीय विद्यालयों में प्रेरणा एप से बच्चों की उपस्थिति दर्ज की जा रही है। शिक्षा विभाग की ओर से जारी रैंकिंग में बाराबंकी प्रदेश में प्रथम स्थान पर आया है। यहां दो लाख 72 हजार बच्चों में से प्रतिदिन दो लाख 36 हजार छात्र-छात्राएं स्कूल आ रहे हैं। दूसरे स्थान पर संतकबीरनगर, तीसरे पर शामली, चैथे पर सुलतानपुर जनपद है। कानपुर देहात पांचवें, अमेठी छठे, बागपत सातवें, कन्नौज आठवें, अंबेडकरनगर नौवें और हमीरपुर जिले का नाम 10वें पायदान पर है।

शिक्षा विभाग के महत्वपूर्ण पोर्टल प्रेरणा एप पर प्रतिदिन स्कूलों में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति संख्या भरी जाती है और दोपहर में भोजन करते हुए फोटो भी अपलोड की जाती है। यह प्रक्रिया प्रदेश के प्रत्येक विद्यालय में संचालित है। साथ ही, रिसोर्स पर्सन और खंड शिक्षा अधिकारी भी निरीक्षण फोटो एप पर अपलोड करते हैं। प्रेरणा एप की निगरानी के बाद बेसिक शिक्षा विभाग ने जिलों की रैंकिंग जारी कर दी है, जिसमें बाराबंकी के 2318 स्कूलों में पंजीकृत दो लाख 72 हजार 549 बच्चों में से दो लाख 36 हजार 737 विद्यार्थी प्रतिदिन स्कूल आ रहे हैं, जिसका प्रतिशत 86.86 प्रतिशत है।

बेसिक शिक्षा विभाग से जारी रैंकिंग में टाप टेन में अयोध्या मंडल के चार जिले शामिल हैं, जिसमें बाराबंकी के अतिरिक्त सुलतानपुर 84.5 प्रतिशत की उपस्थिति के साथ चैथे नंबर पर आया है। छठे स्थान पर अमेठी है, जहां 82.25 प्रतिशत बच्चे प्रतिदिन स्कूल आ रहे हैं। अंबेडकरनगर में विद्यार्थी उपस्थिति प्रतिशत 81.85 है, जो सूची में नौवें स्थान पर है। राजधानी के आसपास वाले जिलों में हरदोई 39वें, अयोध्या 41वें, सीतापुर 53वें, बहराइच 60वें, गोंडा 61वें, लखनऊ 67 और रायबरेली 75वें स्थान पर है।

बाराबंकी के 10 विद्यालय ऐसे चिह्नित किए गए हैं, जिनमें बच्चों की उपस्थिति सौ प्रतिशत है। अब यहां के प्रधानाध्यापकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। इन विद्यालयों का उदाहरण अन्य स्कूलों के सामने प्रस्तुत की जाएगी, ताकि सरकारी स्कूलों में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति बढ़ाई जा सके। वहीं, 10 विद्यालय ऐसे भी चिह्नित किए गए हैं, जो सबसे पीछे हैं। इन पर कार्यवाही होगी।

संतोष देव पांडेय, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने कहा कि प्रेरणा एप पर दर्ज विद्यार्थी उपस्थिति से प्रदेश स्तर की रैंकिंग जारी की गई है, जिसमें बाराबंकी प्रथम स्थान पर है। जिले के उत्कृष्ट शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |