गाजियाबाद में अजीब चालान! हेलमेट न पहनने’ पर कार मालिक पर जुर्माना
September 11, 2025
यूपी के गाजियाबाद में एक कार मालिक पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत ‘‘हेलमेट न पहनने’’ के लिए 1,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया। हालांकि, पुलिस ने इसे मानवीय भूल बताया है। यह मामला उस वक्त सुर्खियों में आया जब सोशल मीडिया पर एक चालान की तस्वीर वायरल हुई, जिसमें दोपहिया वाहन के उल्लंघन का उल्लेख था लेकिन तस्वीर एक कार की थी। यह तस्वीर स्थानीय पंजीकरण संख्या वाली कार की थी।
सोमवार को जारी चालान में दोपहिया वाहन संबंधी उल्लंघन का उल्लेख था, जबकि उसमें राजनगर एक्सटेंशन स्थित अजनारा सोसाइटी चौराहे के पास खड़ी एक कार की तस्वीर लगी थी।
जानकारी के अनुसार, गाजियाबाद में एक युवक अपनी कार चला रहा था। कुछ समय बाद उसके मोबाइल पर चालान का मैसेज आया। जब उसने चालान देखा तो उसमें लिखा था कि उसने हेलमेट नहीं पहना था, इसलिए चालान काटा गया है। यह देखकर कार चालक हैरान रह गया क्योंकि कार चलाने वाले के लिए हेलमेट पहनना किसी भी नियम में अनिवार्य नहीं है। इस पूरे घटनाक्रम ने साफ कर दिया कि चालान काटते समय बड़ी लापरवाही बरती गई।
अधिकारियों ने बताया कि एक यातायात उप-निरीक्षक ने ‘नो-पार्किंग’ क्षेत्र में खड़ी कार की तस्वीर खींची थी, लेकिन अनजाने में वह तस्वीर दोपहिया वाहन के चालान पर लग गई। इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए अपर पुलिस उपायुक्त (यातायात) सचिदानंद ने कहा, ‘‘यह केवल एक मानवीय भूल है। हम मामले की जांच कर रहे हैं कि यह कैसे हुआ।
