Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

ट्रंप ने किया इजरायल का बचाव, जंग के लिए हमास को बताया जिम्मेदार


अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इजरायल और हमास के बीच जारी जंग को लेकर एक बार फिर बड़ा बयान दिया है। ट्रंप ने गाजा में इजरायल के हमलों का बचाव किया है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा है कि गाजा में इजरायल के हमले नरसंहार नहीं हैं। ट्रंप ने कहा कि सात अक्तूबर 2023 को इजरायल में बहुत बुरा हुआ था। हमास के आतंकियों ने वहां तबाही मचा दी थी और उसी के नतीजे में गाजा में जंग हो रही है।

दरअसल, डोनाल्ड ट्रंप से मीडिया से पूछा था कि क्या आप मानते हैं कि गाजा में जो हो रहा है, वह नरसंहार है। इस पर डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि मैं ऐसा नहीं मानता। वो जंग में हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका की ओर से फलस्तीन के लोगों को भूखा नहीं मरने दिया जाएगा। हम उन्हें राशन मुहैया करेंगे। ट्रंप ने कहा, 'हम चाहते हैं कि लोगों को खाना मिले। इजरायल वहां सहायता मुहैया कराए। हम नहीं चाहते कि वहां कोई भुखमरी से मर जाए।'

फिलहाल, गाजा में हालात भयावह हैं। इजरायल की ओर से लगातार हमले किए जा रहे हैं। लोगों को खाना और पानी भी नहीं मिल पा रहा है। गाजा में जंग, नाकाबंदी और सहायता की सीमित पहुंच के चलते लाखों लोग भोजन, पानी और स्वास्थ्य सेवाओं के अभाव से जूझ रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय संगठनों ने भी चेतावनी दी है कि यदि स्थिति में तत्काल सुधार नहीं हुआ हालात बेकाबू हो जाएंगे। गाजा में युद्ध शुरू होने के बाद से कुल 89 बच्चे कुपोषण से मर चुके हैं। संयुक्त राष्ट्र का कहना है कि गाजा में चिकित्सा आपूर्ति, ईंधन, पानी और अन्य आवश्यक वस्तुओं की भारी कमी है।

इस बीच यहां यह भी बता दें कि, हाल ही में डोनाल्ड ट्रंप ने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा था कि हमास इजरायल के बंधकों को वापस लौटा दे नहीं तो उसे अंजाम भुगतना होगा। इतना ही नहीं ट्रंप ने यह प्रस्ताव भी दिया था कि फलस्तीनियों को गाजा से निकालकर किसी अन्य जगह फिर से बसाया जाना चाहिए। हमास ने ट्रंप के इस सुझाव को खारिज कर दिया था। हमास मे कहा था गाजा में रहने वाले लोग अपना क्षेत्र नहीं छोड़ेंगे। भुखमरी के हालात के बाद भी हमास सीजफायर के लिए तैयार नहीं है, उसने अब तक हथियार डालने के संकेत नहीं दिए हैं।

हमास ने सात अक्टूबर 2023 को इजरायल पर आतंकी हमला किया था जिसके बाद जंग शुरू हुई थी। हमले में आतंकियों ने लगभग 1,200 बेकसूर आम लोगों की हत्या कर दी थी और 251 लोगों को बंधक बना लिया गया था। इसके बाद इजरायल ने पलटवार शुरू किया है जो आज भी जारी है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |