अमेठीः सड़क पैच निर्माण कार्य अधूरा, स्थानीय लोग परेशान
August 04, 2025
अमेठी। मिसरौली-भेटुआ मार्ग पर सड़क पैच निर्माण कार्य अधूरा रहने से स्थानीय लोगों को परेशानी हो रही है। इस 6.125 किलोमीटर लंबे मार्ग पर हेड और टेल पर सड़क की पैच नहीं बनी है। बीच में पैच निर्माण कार्य लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड से करवाया गया है।यह मार्ग चार प्रमुख जिला पंचायत सदस्यों की कर्मभूमि है। जिला पंचायत अध्यक्ष अमेठी राजेश कुमार अग्रहरि, जिला पंचायत सदस्य रेनू प्रजापति, जगन्नाथ पांडेय और सूबेदार यादव इस क्षेत्र से जुड़े हैं। राजेश कुमार अग्रहरि ग्राम करौदी और मिसरौली से जिला पंचायत सदस्य चुने गए हैं।भेटुआ के ग्राम पूरे टीकाराम का पुरवा में भाजपा किसान मोर्चा काशी प्रांत के क्षेत्रीय अध्यक्ष काशी प्रसाद तिवारी का पैतृक गांव है। इसके अलावा, भेटुआ की ग्राम पंचायत कड़ेरगांव में भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं विधान परिषद सदस्य गोविंद नारायण शुक्ल उर्फ राजा बाबू का पैतृक गांव है। इस मार्ग के पैच निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड इकाई को 30 लाख रुपए का बजट स्वीकृत किया गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की हालत बदतर है और उन्हें जर्जर सड़क पर सफर करना पड़ रहा है। अधिशासी अभियंता ने स्वीकार किया है कि बजट मिला है। उन्होंने कहा कि काम कितना होना था और कितना हुआ, यह जांच पड़ताल पर ही पता चलेगा। उन्होंने संबंधित अवर अभियंता को जांच की जिम्मेदारी सौंपी है और रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहने की बात कही है।
.jpg)