Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

मॉर्निंग वॉक पर निकलीं महिला सांसद की छिन गई चेन


देश की राजधानी में तमिलनाडु की महिला कांग्रेस सांसद एम सुधा के साथ एक गंभीर घटना हुई है। महिला सांसद के साथ सोमवार सुबह 6 बजे चेन स्नेचिंग की वारदात हुई है। दिल्ली के चाणक्यपुरी में अज्ञात झपटमारों ने मयिलाडुतुरै की सांसद आर. सुधा की कीमती सोने की चेन उस समय छीन ली जब वह सुबह की सैर पर निकली थीं। इस दौरान उनकी गर्दन पर चोट भी लग गई।

बता दें कि चाणक्यपुरी इलाके को बेहद संवेदनशील माना जाता है। यहां कई दूतावास और राज्य सरकारों के आधिकारिक आवास स्थित हैं। ऐसे में इस हाई सिक्योरिटी वाली जगह पर इस वारदात का होना बेहद चौंकाने वाला है। पुलिस ने बताया कि इलाके के तमिलनाडु भवन में रह रहीं सुधा सुबह की सैर के लिए निकली थीं, तभी अज्ञात हमलावरों ने उनकी सोने की चेन छीन ली और मौके से फरार हो गए।

कांग्रेस सांसद आर. सुधा ने कहा, ''आज सुबह 6 बजे, तमिलनाडु भवन से 500-600 मीटर की दूरी पर यह घटना हुई। बाइक सवार बदमाश आए और उन्होंने मेरे गले से चेन छीन ली। मैं चिल्लाई लेकिन वे फरार हो गए। मैंने स्पीकर को शिकायत दी है। पुलिस को शिकायत दी है और शिकायत ले ली है। मैंने गृह मंत्रालय को शिकायत भेज दी है।''

एक सीनियर पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। आरोपियों का पता लगाने और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच के लिए कई पुलिस दल तैनात किए गए हैं।’’ अधिकारियों ने बताया कि पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों से भी बात कर रही है और जांच कर रही है। तमिलनाडु भवन और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

आम आदमी पार्टी के सीनियर नेता और दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, ''दिल्ली में चेन, मोबाइल स्नैचिंग इतना आम हो गया है कि लोग अब पुलिस में FIR भी नहीं दर्ज करवाते। उन्हें पता है कुछ नहीं होगा, उल्टा समय व्यर्थ होगा। इसमें पूरा दोष पुलिस का नहीं है। दिल्ली पुलिस में हज़ारों पद खाली पड़े हैं और सरकार भर्तियाँ नहीं करना चाहती। जो हैं भी वो VIP सिक्योरिटी और आम आदमी पार्टी के लोगों को फसाने में व्यस्त हैं। पुलिस का राजनीतिकरण हो चुका है। उनका आंकलन काम से नहीं, राजनैतिक कार्यों से किया जाता है। उसी आधार पर पोस्टिंग दी जाती हैं। खैर दिल्ली की महिलायें अब मॉर्निंग वाक पर चेन पहन कर नहीं निकलती, बहुत सावधान रहती हैं, क्योंकि इनका मानना है कि चैन से जीना है तो चेन घर रखिए। ये तमिलनाडु से हैं इसलिए इनको पुलिस व्यवस्था का अंदाजा नहीं होगा।''

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |