Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

भारी बारिश से 6 राज्यों में जनजीवन प्रभावित, हिमाचल में भूस्खलन से सैंज मार्ग बंद


भारी बारिश के कारण भूस्खलन और बाढ़ जैसे हालात बनने से देश के छह राज्यों में लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू कश्मीर में भूस्खलन से जान-माल का नुकसान हुआ है। वहीं, महाराष्ट्र, गुजरात और उत्तर प्रदेश में बाढ़ जैसे हालात बन रहे हैं। महाराष्ट्र में कई लोगों को सुरक्षित जगहों पर भी ले जाया गया है। इस बीच मौसम विभाग ने मुंबई में भारी बारिश की चेतावनी देते हुए रेड अलर्ट जारी किया है। भारी बारिश की चेतावनी के बीच मुंबई में स्कूलों को बंद कर दिया गया है।

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में लारजी-सैंज मार्ग पर बड़ा भूस्खलन हुआ है। पागल नाला में आए मलबे के कारण हुए भूस्खलन से सैंज मार्ग बंद हो गया है। शिमला-मंडी मार्ग पर सुन्नी-तत्तापानी सड़क धंस गई है। इस वजह से यातायात पूरी तरह ठप पड़ गया है। लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यह मार्ग शिमला और मंडी के बीच सीधा और महत्वपूर्ण संपर्क था, जिस पर रोजाना भारी संख्या में वाहन चलते थे। सड़क बंद होने के चलते अब स्थानीय लोगों और यात्रियों को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ रहा है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे शिमला-मंडी आने-जाने के लिए अभी अन्य सुरक्षित मार्गों का उपयोग करें। वहीं, स्थानीय लोग मांग कर रहे हैं कि इस महत्वपूर्ण सड़क को जल्द बहाल किया जाए ताकि आवागमन सामान्य हो सके।

महाराष्ट्र के कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन चुके हैं। इस बीच मौसम विभाग ने मुंबई के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इससे बाढ़ का खतरा और बढ़ गया है। नांदेड़ में एनडीआरएफ की टीम बाढ़ के पानी में फंसे लोगों को बाहर निकाल रही है। बाढ़ और भारी बारिश के चलते नागरिकों को रेस्क्यू करने में राहत एवं बचाव दल को काफी दिक्कतें आ रही हैं। नांदेड़ में लेंडी नदी के बैक वाटर ने जमकर तबाही मचाई है। मुकर्मबाद गांव में बाढ़ के पानी में 40/50 भैंसे डूबने की खबर है। ग्रेटर मुंबई पुलिस कमिश्नर ने चेतावनी जारी करते हुए लिखा "प्रिय मुंबईवासियों, ऑरेंज अलर्ट के तहत भारी बारिश जारी रहने के कारण सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है। कई इलाकों से जलभराव और दृश्यता कम होने की खबरें आ रही हैं। कृपया अनावश्यक यात्रा से बचें, अपनी यात्रा की योजना सावधानी से बनाएं और केवल आवश्यक होने पर ही बाहर निकलें। हमारे अधिकारी और कर्मचारी पूरी तरह सतर्क हैं और सहायता के लिए तैयार हैं। किसी भी आपात स्थिति में, कृपया 100/112/103 पर डायल करें। आपकी सुरक्षा हमेशा सर्वोपरि है।"

वाशिम में बालखेड़ गांव के पास नाले में बाढ़ आने के कारण महागांव-बलखेड़ मार्ग बंद कर दिया गया है। रिठाड गांव के पास नदी में बाढ़ आ गई है, जिससे दो दिनों में तीसरी बार गांव से संपर्क टूट गया है। मालेगांव तालुका में भारी बारिश के कारण जांगीर महाराज संस्थान जाने वाला रास्ता बंद कर दिया गया है। उकुलीपेन गांव जाने वाले मुख्य मार्ग का पुल पानी में डूब गया है। सोंडा से अंशिंग का संपर्क भी टूट गया है और नागरिक फंसे हुए हैं। बाढ़ में फंसे नागरिक कल से भूखे हैं। जयपुर गांव के पास पुल से पानी बहने के कारण यातायात रोक दिया गया है। लेंडी नदी के पानी ने 5-6 गांवों को घेर लिया है। मूर्तिकारों के गोदामों में जलभराव से बड़े पैमाने पर गणपति की मूर्तियां भीग गई हैं। भारी बारिश से किसानों की फसल तीसरी बार बर्बाद हुई है। किसानों ने मुआवजे की मांग की है।

यूपी के बड़ौत में सुबह से तेज बारिश हो रही है। सड़कों पर कई फिट पानी जमा हो गया है। गांधी रोड, जैन कॉलेज मार्केट और डाकखाना रोड पर सड़कें तालाब जैसी नजर आ रही हैं। दुकानों और मकानों में पानी घुसने से परेशानी हो रही है। व्यापारियों के भारी नुकसान की आशंका है। कई बाइकें और स्कूटी पानी में डूबकर खराब हो गई हैं। इससे आम लोगों को परेशानी हो रही है।

देश के सबसे बड़े शक्तिपीठ अंबाजी में मूसलाधार बारिश के चलते निचले इलाकों में जलभराव जैसे हालात बन गए हैं। मूसलधार बारिश से सड़कें नदी बन गई हैं। अंबाजी के मुख्य बाजार में डेढ से दो फीट तक पानी भर चुका है। अंबाजी कस्बे का हिंमतनगर मार्ग और अंबाजी पुलिस के सामने वाला राजमार्ग नदी में तब्दील हो चुका है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |