बलियाः विद्युत विभाग के कर्मचारियों की लापरवाही से कई लोगों की जान जाते-जाते बच्ची
June 22, 2025
बलिया। विद्युत उपकेंद्र सोनवानी आजकल कर्मचारियों की लापरवाही के चलते सुर्खियों में हैं। रविवार के दिन कर्मचारियों की लापरवाही से दर्जनों लोगों की जान जाने से बची। इस मामले को लेकर बिजली विभाग से लाइनमैन और क्षेत्रीय लोग खफा हैं।
बता दें कि विद्युत उपकेंद्र सोनवानी पर तीन-तीन विद्युत परिचालक (एसएसओ) दो शिफ्ट दिन व रात में कार्य करते हैं। शनिवार की रात रविवार की सुबह तक के शिफ्ट में रामकुमार, घनश्याम पाठक व संजय एसएसओ की ड्यूटी पर थे। जिसमें एसएसओ रामकुमार से लाइनमैन मार्कण्डेय सिंह बिगहीं फीटर का सी-डाउन लेकर अपने क्षेत्र के गायघाट मन राखन बाबा के यहां ट्रांसफार्मर पर कार्य कर रहे थे, जहां दर्जनों लोग उपस्थित रहे। उधर दो लाइनमैन संजय व चंदन अपने क्षेत्र में सी डाउन लेकर कार्य कर रहे थे। इसी बीच एसएसओ रामकुमार द्वारा शराब के नशे में धुत होकर सप्लाई दे दी गई। सप्लाई आते ही हाहाकार मच गया। लोग भागने लगे। गनीमत यह था कि सभी लाइनमैन पोल से उतर गए थे। अन्यथा एक बड़ी घटना हो जाती। इसके चपेट में दर्जनों लोग आ जाते, लेकिन ष्जाको राखे साइयां मार सके न कोईष् चरितार्थ हो गई।
बता दें कि सोनवानी फीडर पर अधिकांश कर्मचारी शराब पीकर काम करते हैं। जिससे आए दिन ऐसी घटना होती रही है, लेकिन कोई अधिकारी ऐसी घटना पर कोई कार्रवाई नहीं करते हैं। इससे इनका मनोबल बढ़ता जा रहा है। इसको लेकर क्षेत्रीय लोगों में काफी आक्रोश व्याप्त है।
बता दें कि ऐसे ही कर्मचारियों व अधिकारियों के चलते क्षेत्र में विद्युत सप्लाई आज कई दिनों से बाधित चल रही है। इस संबंध में पूछे जाने पर जेई प्रद्युम्न यादव ने बताया कि मैंने इसके संबंध में कई बार एक्सईएन से शिकायत की है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके चलते आज बड़ी घटना होने से बच गया।एसएसओ रामकुमार को हटाया जा रहा है। उधर लोगों ने बताया कि आए दिन पावर हाउस पर रात्रि में कर्मचारी शराब पीकर सो जाते हैं जिससे प्रतिदिन सप्लाई बाधित रहती है।
.jpg)