Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

अमेरिका ने ईरान पर किया हमला तो चीन हो गया आगबबूला


इजरायल और ईरान के बीच जंग में अमेरिका भी कूद पड़ा है। अमेरिका ने ईरान के तीन परमाणु संयंत्रों को निशाना बनाते हुए बमबारी की है। ईरान पर अमेरिका की ओर से किए गए हमलों को लेकर दुनिया भर से प्रतिक्रिया देखने को मिली है। इसी क्रम में चीन ने भी ईरानी परमाणु स्थलों पर अमेरिकी सैन्य कार्रवाई की कड़ी निंदा की है। चीन से पहले पाकिस्तान, सऊदी अरब, क्यूबा और चिली जैसे देश भी अमेरिका के इस कदम की निंदा कर चुके हैं।

चीन की तरफ से कहा गया है कि अमेरिका की ओर से ईरान पर किया गया हमला संयुक्त राष्ट्र चार्टर और अंतर्राष्ट्रीय कानून के सिद्धांतों का उल्लंघन है। चीनी विदेश मंत्रालय ने चार वाक्यों के बयान में परमाणु सुविधाओं पर हमलों की निंदा की और दोहराया कि वह शांति बहाल करने के प्रयासों में शामिल होने के लिए तैयार है।

चीनी विदेश मंत्रालय ने बयान में कहा, "अमेरिका का यह कदम संयुक्त राष्ट्र चार्टर और अंतर्राष्ट्रीय कानून के उद्देश्यों और सिद्धांतों का गंभीर उल्लंघन करता है और मध्य पूर्व में तनाव को बढ़ाता है। चीन संघर्ष में शामिल सभी पक्षों, खासकर इजरायल से जल्द से जल्द संघर्ष विराम करने का आह्वान करता है।"

अमेरिकी हमलों के बाद चीन की ओर से यह पहली आधिकारिक प्रतिक्रिया है। इससे पहले, चीन के सरकारी प्रसारक की विदेशी भाषा शाखा ने अमेरिकी कदम को "बेहद खतरनाक मोड़" बताया था। चीनी सरकारी अखबार ग्लोबल टाइम्स ने भी इस पर अपनी राय दी और कहा कि अमेरिकी कदम "ईरान-इजरायल संघर्ष को एक अनियंत्रित स्थिति की ओर ले जा सकता है।"

उत्तर कोरिया ने भी अमेरिकी हमलों की निंदा करते हुए इसे ईरान की क्षेत्रीय अखंडता और सुरक्षा हितों का गंभीर उल्लंघन बताया है। उत्तर कोरिया ने कहा है कि वह ईरानी परमाणु प्रतिष्ठानों पर अमेरिकी हमले की कड़ी निंदा करता है। उत्तर कोरिया के विदेश मंत्रालय ने सोमवार को एक बयान में कहा कि अमेरिका और इजरायल सैन्य बल प्रयोग से पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ा रहे हैं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |