अमेठीः प्रत्येक गौशाला में प्रत्येक गोवंश को सुविधा मिलनी चाहिए-रमाकांत उपाध्याय
June 23, 2025
अमेठी। उत्तर प्रदेश गो सेवा आयोग लखनऊ के सदस्य रमाकांत उपाध्याय ने आज अपने जनपद भ्रमण के दौरान कान्हा गौशाला गौरीगंज का स्थलीय निरीक्षण कर गोवंशों को दी जा रही मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गौशाला में भूसा, हरा चारा, पशु आहार, शेड, गोवंशों की ईयर टैगिंग, छांव की व्यवस्था, पीने के पानी की उपलब्धता, स्वच्छता सहित अन्य पहलुओं पर गहनता से निरीक्षण किया एवं आवश्यक दिशा निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गौशाला में सभी व्यवस्थाओं को देखकर संतोष व्यक्त किया। इसके उपरांत गो सेवा आयोग के सदस्य ने कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी संजय चैहान, मुख्य विकास अधिकारी सूरज पटेल सहित सभी खंड विकास अधिकारियों व पशुपालन विभाग के सभी अधिकारियों तथा पशु चिकित्साधिकारियों के साथ बैठक कर जनपद में संचालित गो आश्रय स्थलों की समीक्षा किया। बैठक में मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ गोपाल कृष्ण शुक्ल ने बताया कि जनपद अमेठी में कुल 126 गो आश्रय स्थल संचालित है जिनमें 22109 गोवंश संरक्षित हैं। बैठक में गो सेवा आयोग के सदस्य ने गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अधिकारियों के साथ चर्चा व विचार विमर्श किया। उन्होंने कहा कि मा. मुख्यमंत्री जी ने गायों के लिए कुबेर का भंडार खोला है प्रत्येक गौशाला में प्रत्येक गोवंश को सुविधाएं मिलनी चाहिए, बीमार व कमजोर गोवंशों को अलग सुविधा दी जाए, गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाया जाए, वहां पर गोबर से खाद, पेंट सहित विभिन्न उत्पाद बनाए जाएं तथा किसानों को गोबर की खाद व गोमूत्र का प्रयोग खेती में करने के लिए प्रेरित किया जाए। बैठक में जिला विकास अधिकारी वीरभानु सिंह, परियोजना निदेशक डीआरडीए ऐश्वर्य यादव, जिला पंचायत राज अधिकारी मनोज त्यागी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।