बीसलपुरः गंगा दशहरा पर मकरंदापुर चैराहे पर राहगीरों को पिलाया गया शर्बत, बुहिता नाथ मंदिर पर लगा मेला
June 05, 2025
बीसलपुर। गंगा दशहरा के पावन पर्व पर नगर में धर्म और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला। मकरंदापुर चैराहे पर ग्राम बढ़ैरा के प्रधान देवपाल गंगवार द्वारा राहगीरों को शर्बत वितरण कर जलसेवा की मिसाल पेश की गई। उन्होंने बताया कि यह सेवा कार्यक्रम प्रतिवर्ष गंगा दशहरा पर आयोजित किया जाता है। इस बार भी यह कार्यक्रम प्रातः 10 बजे से अपराह्न 4 बजे तक चला, जिसमें दियोरिया बीसलपुर हाईवे से गुजरने वाले यात्रियों को आग्रहपूर्वक रोककर ठंडा शर्बत पिलाया गया।
वहीं माला नदी किनारे स्थित बुहिता नाथ शिव मंदिर पर विशाल मेले का आयोजन किया गया। सुबह से ही श्रद्धालु नदी में स्नान कर भगवान भोलेनाथ के मंदिर में दर्शन-पूजन कर रहे थे। मेले में बच्चों के लिए झूले, खाने-पीने की दुकानें और विभिन्न प्रकार के मनोरंजन की व्यवस्था की गई थी। महिलाओं और बच्चों की भारी भीड़ के मद्देनजर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। महिला पुलिस की तैनाती भी की गई। मंदिर के महंत ओमगिरि ने बताया कि इस बार श्रद्धालुओं की रिकॉर्ड संख्या रही, और प्रशासन ने व्यवस्था में पूर्ण सहयोग दिया।
