आगरा में रील बनाते वक्त बड़ा हादसा, 6 बहनों की यमुना में डूबने से मौत
June 04, 2025
आगरा के सिकंदरा क्षेत्र के नगला नाथू गांव में यमुना नदी में रील बनाते समय 6 लड़कियों की डूबने से मौत हो गई। इनमें से तीन एक ही परिवार की थीं जबकि अन्य तीन इनकी रिश्तेदार थीं। 6 बहनों की मौत के इस दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया।
यमुना में नहाने से पहले इन लड़कियों में अपने मोबाइल से एक वीडियो बनाया और यह वीडियो उनके जीवन का आखिरी वीडियो साबित हुआ। इन किशोरियों की उम्र 12 से 15 वर्ष के बीच बताई जा रही है। जिनमें से तीन एक ही परिवार की थीं, जबकि अन्य रिश्तेदार थीं। ये सभी गर्मियों की छुट्टियों में गांव घूमने आई थीं।
जानकारी के मुताबिक ये लड़कियां सुबह यमुना नदी के घाट पर नहाने गई थीं। नहाते समय वे नदी की बीच धार में चली गईं और भंवर में फंस गईं। किनारे पर मौजूद अन्य बच्चों ने तुरंत गांव में यह सूचना दी कि लड़कियां नदी में डूब रही हैं। गांववालों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
स्थानीय गोताखोरों ने तलाश शुरू की, लेकिन किशोरियों को बचाने में देरी हो गई।सिकंदरा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को संभाला और स्टीमर के साथ पीएसी के गोताखोरों को बुलाया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद सभी किशोरियों को नदी से निकाला गया, लेकिन तब तक चार की सांसें थम चुकी थीं। जबकि दो किशोरियों की मौत अस्पताल में इलाज के दौरान हुई।