बढ़ेगा पारा चलेगी लू, अगले 4-5 दिनों में आसमान से बरसेगी आग, मौसम विभाग ने चेताया
June 08, 2025
दिल्ली, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में भीषण गर्मी पड़ रही है। ये गर्मी अभी और बढ़ने वाली है। इसको लेकर मौसम विभाग ने अभी से चेताया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने भविष्यवाणी की है कि अगले 4-5 दिनों में उत्तर भारत में तापमान बढ़ेगा , जबकि उत्तर-पश्चिम भारत में लू चलने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत, खास तौर पर पश्चिमी राजस्थान में 9 जून (सोमवार) से लू चलेगी। जबकि दक्षिणी पंजाब, दक्षिणी हरियाणा, दक्षिणी उत्तर प्रदेश और उत्तरी मध्य प्रदेश में 10 जून (मंगलवार) से लू चलने की संभावना है।
इसके साथ ही मौसम विभाग ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी अगले 3-4 दिनों में तापमान 2-4 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 43-44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान जताया है। हालांकि, एनसीआर दिल्ली के लिए अभी लू का अलर्ट नहीं है।
आईएमडी ने भविष्यवाणी की है कि अगले 3-4 दिनों में पूरे दक्षिण प्रायद्वीप में मानसून फिर से सक्रिय हो जाएगा। मौसम विभाग ने कहा कि केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु में तीन से 4 दिनों भारी बारिश होगी।
समाचार एजेंसी से बात करते हुए आईएमडी के वैज्ञानिक नरेश कुमार ने कहा, 'तापमान, जो वर्तमान में सामान्य से कम है, अगले 4-5 दिनों में धीरे-धीरे बढ़ेगा। उत्तर पश्चिम भारत में विशेष रूप से पश्चिमी राजस्थान में लू चलने की संभावना है। यह लू सोमवार से चलना शुरू हो जाएगी।
दक्षिण भारत के मौसम को लेकर उन्होंने कहा कि केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु में भारी बारिश हो सकती है। दक्षिण भारत के कई राज्यों में मानसून सक्रिय हो गया है। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। जहां आईएमडी ने अगले 24 घंटों में भारी बारिश की भविष्यवाणी की है।