.jpg)
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में सोमवार दोपहर एक हृदयविदारक घटना सामने आई। 25 वर्षीय आशीष कश्यप नामक युवक ने अपनी पत्नी से विवाद के बाद गोमती नदी में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक मौलवीगंज का निवासी था और पूर्व में फिनिक्स पलासियो मॉल में कार्यरत था। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रत्यक्षदर्शियों ने आशीष को पुल पर अपनी स्कूटी खड़ी करते और फिर नदी में कूदते हुए देखा। तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से तलाशी अभियान शुरू किया गया। राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) और निजी गोताखोरों की टीम ने लगभग दो घंटे तक नदी में खोजबीन की, जिसके बाद आशीष के शव को बरामद कर लिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।मृतक आशीष के चाचा ने बताया कि उसकी शादी महज पांच महीने पहले हुई थी। कुछ समय पूर्व नौकरी छूट जाने के कारण वह काफी तनाव में चल रहा था, जिसके चलते उसका अपनी पत्नी से अक्सर झगड़ा होता रहता था। इसी तनाव और विवाद के चलते उसने यह दुखद कदम उठाया।फिलहाल, पुलिस इस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। यह घटना वैवाहिक जीवन में तनाव और बेरोजगारी के बढ़ते दबाव को दर्शाती है।