दिल्ली में बदमाशों ने छीनी चेन, पुलिस ने रोका तो की फायरिंग
May 13, 2025
राजधानी दिल्ली में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां दिल्ली के शाहदरा इलाके में दो लोगों ने चेन छीनने के बाद भागने का प्रयास किया। पुलिस ने जब उन्हें चिंतामणि इलाके में रोकने का प्रयास किया आरोपियों ने ट्रैफिक पुलिसकर्मियों पर हमला किया। उन्होंने पुलिस पर फायरिंग भी की, हालांकि पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से आरोपियों को पकड़ लिया। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस ने बताया कि पूरी घटना सोमवार शाम सात बजे के बाद की है।
दरअसल, दिल्ली के शाहदरा इलाके में सोमवार शाम को दो आरोपियों ने चेन छीनने की घटना को अंजाम दिया। इसके बाद वह मौके से भागने लगे। इस बीच ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने ट्रैफिक पुलिसकर्मी पर ही गोली चला दी। हालांकि पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों आरोपियों को पकड़ लिया गया। पुलिस ने इस घटना के बारे में जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि दो आरोपियों इमरान (27) और वारिस (30) ने चेतक मार्केट में छिनैती की घटना को अंजाम दिया। इसके बाद वह फरार होने की कोशिश करने लगे।
पूरी घटना शाम करीब सात बजकर 20 मिनट पर हुई, जब सीमापुरी थाने को पीसीआर कॉल मिली। दोनों के पास हथियार भी थे। पुलिस ने बताया कि जब आरोपी चिंतामणि चौक के पास एक पेट्रोल पंप पर पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया। इसके बाद भी वह भागने लगे और पुलिस पर फायरिंग की। हालांकि इसके बावजूद पुलिस ने दोनों आरोपियों को स्थानीय लोगों की मदद से पकड़ लिया। वहीं पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।