पीलीभीतः न्याय सुलभ कराने में बार-बेंच की भूमिका अहम - न्यायमूर्ति जितेंद्र कुमार सिन्हा
May 03, 2025
पीलीभीत। इलाहाबाद उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति जितेंद्र कुमार सिन्हा ने कहा कि न्याय व्यवस्था को मजबूत करने और आम जनता को सस्ता व सुलभ न्याय दिलाने के लिए बार और बेंच को मिलकर कार्य करना चाहिए। उन्होंने वकालत को एक गौरवशाली पेशा बताते हुए अधिवक्ताओं से सामाजिक न्याय की दिशा में ईमानदारी से काम करने का आह्वान किया।न्यायमूर्ति शनिवार को दोपहर जिला मुख्यालय पहुंचे, जहां पुलिस बल द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद वे जिला संयुक्त बार एसोसिएशन परिसर में पहुंचे, जहां अधिवक्ताओं ने पुष्पवर्षा कर उनका भव्य स्वागत किया।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष धीरेंद्र मिश्र एडवोकेट और महासचिव आनंद मिश्रा एडवोकेट ने न्यायमूर्ति को पीलीभीत की प्रसिद्ध बांसुरी भेंट की। इसके साथ ही उन्हें माल्यार्पण कर स्मृति चिन्ह भी प्रदान किए गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए न्यायमूर्ति सिन्हा ने कहा कि वकील न्याय प्रणाली की रीढ़ होते हैं। उनकी मेहनत और संवेदनशीलता से ही समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुंच पाता है। उन्होंने युवाओं को आदर्श आचरण अपनाने और पेशे की गरिमा बनाए रखने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर अपर जिला जज विजय कुमार डूंगराकोटी, अपर सत्र न्यायाधीश महेशानंद झा, स्पेशल जज टी. एन. पासवान, अनु सक्सेना, विशेष न्यायाधीश रामकिशोर, सीजेएम मंगलदेव सिंह, एसीजेएम सुंदर पाल, सतीश कुमार और आनंद कुमार प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।वरिष्ठ अधिवक्ता रामावतार रस्तोगी, राजीव अवस्थी, अखिलेश शर्मा, विद्याराम वर्मा, तेज सिंह वर्मा, राजेश शर्मा, राम सिंह गंगवार, एजाज अहमद खां, मोहम्मद मोहत्सिम मलिक, अविनाश मिश्रा, ठाकुर संजय सिंह, उपेंद्र मिश्रा, वृंदावन मौर्य, निशांत पांडे आदि ने भी सहभागिता की।कार्यक्रम की अध्यक्षता बार एसोसिएशन के अध्यक्ष धीरेंद्र मिश्र एडवोकेट ने की तथा संचालन महासचिव आनंद मिश्रा एडवोकेट ने किया।