दिल्ली के पहाड़गंज में भरभराकर गिरी निर्माणाधीन इमारत, तीन लोगों की मौत
May 18, 2025
पुरानी दिल्ली के नबी करीम इलाके में एक निर्माणाधीन इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई और कई लोगों के दबे होने की आशंका है। हादसे का पता चलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गई हैं। राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। हादसे के संबंध में अधिकारियों ने बताया है कि मलबे में कई लोगों के फंसे होने की आशंका है। दिल्ली पुलिस ने जानकारी दी है कि जो इमारत गिरी है उसका निर्माण कार्य चल रहा था। मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए मलबे को हटाया जा रहा है। अबतक तीन लोगों की मौत हुई है और मृतकों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
हादसा कैसे हुआ? ये अभी तक पता नहीं चल पाया है। स्थानीय प्रशासन ने आसपास के इलाके को खाली करा लिया है और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बता दें, शनिवार की शाम अचानक आई तेज आंधी और बारिश के कारण दिल्ली के कई इलाकों में पेड़ गिरने की भी सूचना है, जिससे यातायाता बाधित रहा। शनिवार की सुबह से दिल्ली में काफी तेज धूप और गर्मी थी। अचानक शाम में मौसम बदला और तेज आंधी के साथ बारिश हुई।
वहीं, जानकारी के मुताबिक शाहबाद डेरी के ई-ब्लॉक में दीवार गिरने से एक मकान की छत क्षतिग्रस्त हो गई और मलबे की चपेट में आकर एक ही परिवार के चार लोग घायल हो गए। घायलों में दो बच्चे और दो महिलाएं शामिल हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।