लखनऊ: पीवीआर-आईनॉक्स कर्मचारियों पर हमला रू बार में प्रवेश से रोकने पर 12 लोगों ने किया हमला, एक आईसीयू में
May 19, 2025
लखनऊ। लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में सोमवार तड़के पलासियो मॉल स्थित पीवीआर-आईनॉक्स के कर्मचारियों पर एक हिंसक हमला हुआ, जिसमें एक कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं पीवीआर-आईनॉक्स के महाप्रबंधक देवेश उपाध्याय के अनुसार, कर्मचारी प्रदीप, विशाल और ललित अपनी ड्यूटी समाप्त करने के बाद लगभग 4 बजे घर लौट रहे थे। अहिमामऊ चैराहे के पास, 10-12 लोगों के एक समूह ने, जो कारों में सवार थे, उन पर हमला किया। उपाध्याय ने कहा कि हमलावरों ने न केवल कर्मचारियों की पिटाई की, बल्कि धारदार हथियारों का भी इस्तेमाल किया और दो राउंड फायरिंग भी की। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि उन्होंने कई बार 112 डायल किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। वहीं हमले में ललित गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे अपोलो अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। प्रारंभिक रिपोर्टों से पता चलता है कि हमलावर कथित तौर पर मॉल में एक बार में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन बाउंसरों ने उन्हें अंदर जाने से रोक दिया। इसके बाद, उन्होंने पीवीआर-आईनॉक्स के कर्मचारियों को बाउंसर समझकर उन पर हमला कर दिया। वहीं सुशांत गोल्फ सिटी के इंस्पेक्टर अंजनी कुमार मिश्रा ने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।