उन्नाव: विवाहिता की संदिग्ध मौत, 10 महीने पहले हुई थी शादी, पति मुंबई में करता है प्राइवेट नौकरी
March 04, 2025
उन्नाव। जिले के बीघापुर थाना क्षेत्र के ओसियां गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। सोमवार की देर शाम को 25 वर्षीय सीमा का शव फांसी के फंदे से लटकता मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बता दे कि सीमा की शादी 10 महीने पहले ओसियां गांव के आशीष के साथ हुई थी। आशीष मुंबई में प्राइवेट नौकरी करता है। मृतका के पिता शिव बुधन ने बताया कि एक दिन पहले ही उन्होंने सीमा से फोन पर बात की थी। उस दौरान सीमा ने किसी परेशानी का जिक्र नहीं किया था। प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मान रही है। ससुराल पक्ष का भी यही कहना है। हालांकि, पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। बीघापुर थाना प्रभारी राज पाल के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। परिजन पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं। रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्रवाई तय होगी।