गौरीगंज/ अमेठी। भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश के माननीय प्रदेश अध्यक्ष श्री पंकज चैधरी की अनुमति से भाजपा महिला मोर्चा के जिला अध्यक्षों की घोषणा की गई है। इसी क्रम में जनपद अमेठी से श्रीमती गीता सिंह को भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
भाजपा प्रवक्ता चन्द्रमौलि सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि श्रीमती गीता सिंह जी का संगठन में लंबे समय से सक्रिय योगदान रहा है। वह पूर्व ब्लॉक प्रमुख, सिंहपुर, भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व जिला महामंत्री तथा भारतीय जनता पार्टी अमेठी की पूर्व जिला मंत्री के रूप में संगठनात्मक दायित्वों का निर्वहन कर चुकी हैं। वह तिलोई विधानसभा क्षेत्र के सिंहपुर ब्लॉक अंतर्गत पूरे अमेठियन, पोस्ट कैथागांव की निवासी हैं।
श्रीमती गीता सिंह जी की नियुक्ति से जनपद के भाजपा कार्यकर्ताओं एवं महिला कार्यकर्ताओं में हर्ष का वातावरण है। उनका संगठनात्मक अनुभव और पूर्व में निभाए गए दायित्व महिला मोर्चा के कार्यों को आगे बढ़ाने में उपयोगी होंगे। इस नियुक्ति से जिले में महिला कार्यकर्ताओं की भागीदारी, संगठनात्मक गतिविधियों तथा महिला सशक्तीकरण से जुड़े प्रयासों को नई दिशा मिलने की अपेक्षा है।
भारतीय जनता पार्टी महिलाओं के सम्मान, स्वाभिमान, आत्मनिर्भरता और नेतृत्व क्षमता को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर कार्य करती रही है। महिला मोर्चा संगठन की एक महत्वपूर्ण इकाई है, जो महिलाओं को संगठन से जोड़ने, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा समाज सेवा के कार्यों में उनकी सहभागिता सुनिश्चित करने में भूमिका निभाता है।
श्रीमती गीता सिंह जी को नवीन दायित्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। आशा है कि वह संगठन के प्रति निष्ठा, समर्पण और सेवाभाव के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए अमेठी में महिला मोर्चा की गतिविधियों को आगे बढ़ाएंगी।
