सोनभद्र, 17 सितम्बर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत जनपद के विभिन्न स्थानों पर रक्तदान शिविरों का आयोजन किया गया। देवपुर, घोरावल तथा मेडिकल कॉलेज ब्लड बैंक में आयोजित शिविरों में लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।
देवपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गौड़ एवं अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार ने रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र वितरित कर सम्मानित किया। वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोरावल में विधायक डॉ. अनिल कुमार मौर्य की उपस्थिति में रक्तदान शिविर आयोजित हुआ, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया।
इस अवसर पर विधायक डॉ. अनिल कुमार मौर्य ने कहा कि रक्तदान मानव जीवन बचाने का पुनीत कार्य है। स्वस्थ व्यक्तियों द्वारा किया गया रक्तदान जरूरतमंदों के लिए जीवनदायी साबित होता है। उन्होंने लोगों से नियमित रक्तदान करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।
उधर मेडिकल कॉलेज ब्लड बैंक में आयोजित रक्तदान शिविर में सदर विधायक भूपेश चौबे, भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता, पूर्व सांसद नरेंद्र सिंह कुशवाहा, पूर्व जिलाध्यक्ष अजीत चौबे, पूर्व जिलाध्यक्ष रमेश मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों की मौजूदगी में रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया।
समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गौड़ ने कहा कि रक्तदान महादान के समान है और जरूरतमंद मरीजों के जीवन को बचाने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
कार्यक्रम के दौरान रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया तथा रक्तदान के प्रति जन-जागरूकता का संदेश भी दिया गया।
