Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

लखनऊः डूडा विभाग की समीक्षा बैठक में महापौर ने आवास और सड़क निर्माण कार्यों की प्रगति पर दिए निर्देश


लखनऊ। महापौर सुषमा खर्कवाल ने सोमवार को नगर आयुक्त गौरव कुमार के साथ स्मार्ट सिटी कार्यालय में डूडा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक का उद्देश्य शहरी विकास से संबंधित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करना तथा आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कार्यों में तेजी लाना रहा।

बैठक में अपर नगर आयुक्त ललित कुमार, पंकज श्रीवास्तव, अपर नगर मजिस्ट्रेट प्रथम एवं परियोजना अधिकारी डूडा लखनऊ चंद्रकांत त्रिपाठी सहित डूडा विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों द्वारा विभागीय योजनाओं, आवास आवंटन की स्थिति तथा निर्माणाधीन परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई।

समीक्षा बैठक के दौरान महापौर ने विशेष रूप से प्रधानमंत्री आवास योजना एवं अन्य शहरी आवास योजनाओं के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध तरीके से आवास उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक पारदर्शिता के साथ पहुंचना चाहिए और किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

इसके साथ ही बैठक में विभिन्न क्षेत्रों में सड़कों के निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की भी समीक्षा की गई। महापौर ने डूडा के अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी परियोजनाओं को पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़कें और मूलभूत सुविधाएं नागरिकों के जीवन स्तर को सुधारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

नगर आयुक्त गौरव कुमार ने भी अधिकारियों को विभागीय कार्यों में समन्वय बनाकर योजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप विकास कार्यों को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू किया जाए, जिससे शहरवासियों को सीधा लाभ मिल सके।

बैठक के अंत में महापौर ने अधिकारियों को जनहित से जुड़े सभी कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा समस्याओं के त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |